यमुना प्रदूषण और अवैध निर्माण पर NGT का बड़ा एक्शन; केंद्र और यूपी सरकार समेत कई विभागों को नोटिस जारी

  • Wednesday April 22 2026 - 03:46 PM
  •  

मथुरा। ब्रज क्षेत्र में यमुना नदी की निरंतर बिगड़ती स्थिति और उसके तटों पर फल-फूल रहे अवैध निर्माणों को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है। ट्रिब्यूनल ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय, उत्तर प्रदेश सरकार, मथुरा-वृंदावन नगर निगम, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण, ब्रज तीर्थ विकास परिषद, राज्य और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

यह कार्रवाई श्रीराधा मदन मोहन मंदिर के पुजारी विजय किशोर गोस्वामी द्वारा दायर उस याचिका पर की गई है, जिसमें उन्होंने नदी के डूब क्षेत्र में बढ़ रहे अतिक्रमण और बिना शोधन के गिर रहे सीवेज व जहरीले कचरे पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

याचिकाकर्ता की ओर से पैरवी करते हुए अधिवक्ता आकाश वशिष्ठ ने अदालत को अवगत कराया कि ट्रिब्यूनल द्वारा 17 दिसंबर 2021 को दिए गए उन स्पष्ट निर्देशों का पालन नहीं किया गया है, जिसमें मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को सीवेज ट्रीटमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने और नदी के किनारों से अतिक्रमण हटाकर वृक्षारोपण करने के आदेश दिए गए थे। श्री वशिष्ठ ने दलील दी कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मानकों के अनुसार यमुना का जल अभी भी 'श्रेणी-डी' (Category D) में बना हुआ है, जिसका सीधा अर्थ है कि यह पानी पीने, नहाने या किसी भी घरेलू उपयोग के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त और खतरनाक है।

अदालत में बहस के दौरान अधिवक्ता आकाश वशिष्ठ, शुभम उपाध्याय और अनुकृति बाजपेयी ने इस बात पर जोर दिया कि एक तरफ जहां कोर्ट ने अवैध निर्माणों को हटाने के सख्त निर्देश दिए थे, वहीं दूसरी तरफ धरातल पर धड़ल्ले से नई इमारतें और निर्माण खड़े हो रहे हैं। उन्होंने चिंता जताई कि प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आस्था के वश होकर यमुना किनारे पहुंचते हैं और इसी प्रदूषित व सीवेज युक्त जल से आचमन करते हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर संकट पैदा कर रहा है। एनजीटी ने अब इस पूरे मामले में संबंधित विभागों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है कि आखिर पुराने आदेशों के बावजूद जमीन पर स्थिति क्यों नहीं बदली और यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने में प्रशासन अब तक विफल क्यों रहा है।