योगी सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार अशोक नवरत्न को बनाया उत्तर प्रदेश प्रेस मान्यता समिति का सदस्य
लखनऊ। भारतीय प्रेस परिषद के पूर्व सदस्य प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार नवरत्न को उत्तर प्रदेश शासन ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग लखनऊ की प्रेस मान्यता समिति का सदस्य मनोनीत किया है। इस आशय का एक पत्र आईएएस सूचना निदेशक शिशिर द्वारा जारी किया गया है। उक्त समिति में प्रदेश के 19 वरिष्ठ पत्रकारों को मनोनीत किया जाता है। श्री नवरत्न के प्रेस मान्यता समिति का सदस्य बनने से प्रदेश भर के पत्रकारों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
उत्तर प्रदेश प्रेस मान्यता समिति में अशोक कुमार नवरत्न के मनोनयन पर शुभचिंतकों व अलीगढ़ के पत्रकारों ने खुशी जाहिर की है। श्री नवरत्न इससे पूर्व भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। अपनी नियुक्ति पर वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार नवरत्न ने कहा कि मैं हमेशा पत्रकारों के हितों के लिए लड़ाई लड़ता रहा हूँ। अब प्रेस मान्यता समिति में सदस्य बनने से पत्रकारों के हित कार्यों में और तेजी आएगी। पत्रकारों की अनेक समस्याएं हैं जो शासन-प्रशासन के समक्ष और बेहतर तरीके से उठाई जाएंगी।
गौरतलब है कि प्रेस मान्यता समिति सूचना एवं जनसंपर्क द्वारा किए जाने वाले प्रेस मान्यता प्रकरणों पर विचार करती है और प्रेस मान्यता देने के लिए अपनी अनुशंसा करती है। काफी समय से प्रेस मान्यता समिति गठित न होने से पत्रकारों के हित प्रभावित हो रहे थे।



