मणिकर्णिका घाट पर महासंग्राम: सपा एमएलसी को टांगकर ले गई पुलिस, कार्यकर्ताओं को घसीटा, सांसदों को रोका

  • Wednesday January 28 2026 - 12:31 AM
  •  

वाराणसी में घाट विकास और मूर्ति तोड़े जाने के आरोपों को लेकर सपा का प्रदर्शन, कई नेता नजरबंद

वाराणसी। काशी के ऐतिहासिक मणिकर्णिका घाट के विकास कार्य और मंदिर से मूर्ति तोड़े जाने के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस को कई सांसदों और नेताओं को रोकना पड़ा। इस बीच सपा एमएलसी को टांगकर पुलिस वैन में बैठाने, कार्यकर्ताओं को घसीटने और सांसदों के धरने की तस्वीरें सामने आईं।

सपा के 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर मणिकर्णिका घाट जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। घाट जाने पर अड़े चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह और बलिया के सांसद सनातन पांडेय को रोक लिया गया। वहीं मछलीशहर (जौनपुर) की सांसद प्रिया सरोज को हाउस अरेस्ट कर लिया गया।

एमएलसी को टांगकर ले गई पुलिस

लहुराबीर क्षेत्र में रोके जाने के बाद सपा के स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा धरने पर बैठ गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर घसीटते हुए पुलिस वैन में बैठाया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदेश सचिव राजू यादव को भी पुलिस वैन में बैठाया गया। वैन में बैठने के बाद भी सपा नेताओं की नारेबाजी जारी रही।

सांसदों का धरना, घंटों चला सियासी घमासान

चंदौली से सांसद वीरेंद्र सिंह को अर्दली बाजार में रोके जाने के बाद उन्होंने वहीं धरना शुरू कर दिया। बलिया के सांसद सनातन पांडेय को गाजीपुर में रोक दिया गया, जहां उन्होंने करीब चार घंटे तक धरना दिया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक वाराणसी में लुकाछिपी और धरना-प्रदर्शन का दौर चलता रहा। वायरलेस सेट पर लगातार निर्देश गूंजते रहे कि सपा कार्यकर्ताओं पर नजर रखी जाए। जगह-जगह से पकड़े गए सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस वैन में बैठाकर दिनभर इधर-उधर घुमाया गया। पुलिस ने कुल 18 लोगों को हिरासत में लिया, जिन्हें देर रात जमानत पर रिहा कर दिया गया।

राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर समाप्त हुआ प्रदर्शन

करीब सात घंटे चले सियासी घमासान के बाद सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी आलोक वर्मा को सौंपा, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। सपा नेताओं का कहना है कि उन्हें मणिकर्णिका घाट तक जाकर वास्तविक स्थिति देखने और रिपोर्ट तैयार कर अखिलेश यादव को सौंपनी थी, लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं होने दिया।

प्रतिनिधि मंडल में ये नेता थे शामिल

सपा के प्रतिनिधि मंडल में महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह, बलिया सांसद सनातन पांडेय, मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज, स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, सुल्तानपुर की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, दक्षिणी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी किशन दीक्षित, राज्य कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र पाल उर्फ पिंटू पाल और दक्षिणी विधानसभा अध्यक्ष अजहर अली सिद्दीकी शामिल थे।

चोलापुर थाने भेजे गए कई नेता

लहुराबीर स्थित चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद जैसे ही महानगर अध्यक्ष दिलीप डे मणिकर्णिका घाट की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोककर वैन में बैठा लिया और चोलापुर थाने भेज दिया। उनके साथ एमएलसी आशुतोष सिन्हा और राजू यादव को भी थाने ले जाया गया।

भाजपा मंत्री रविंद्र जायसवाल का सपा पर तीखा हमला

सपा के प्रदर्शन पर भाजपा नेता और प्रदेश सरकार में मंत्री रविंद्र जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सपा ने हमेशा वाराणसी के विकास का विरोध किया है। काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के समय भी सपा ने इसी तरह का विरोध किया था। उन्होंने सपा को “घोर इस्लामिक पार्टी” बताते हुए कहा कि 18 करोड़ रुपये से मणिकर्णिका घाट का विकास कराया जा रहा है और इसका विरोध अनुचित है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सपा को विरोध करना ही है तो ज्ञानवापी मामले में भाजपा के साथ आकर प्रदर्शन करे और हिंदुओं का हक दिलवाने में सहयोग करे।

सपा सांसद के पैर छूने का वीडियो वायरल

गाजीपुर के बिरनो क्षेत्र में क्यामपुर टोल प्लाजा के पास सपा सांसद सनातन पांडेय के धरने के दौरान नगरा थानाध्यक्ष संजय मिश्रा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और उन्होंने सांसद के पैर छुए। यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में थानाध्यक्ष को “भइया प्रणाम” कहते हुए देखा जा सकता है। कोई इसे शिष्टाचार बता रहा है तो कोई प्रशासनिक मर्यादा को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।