जीण माता, जिनके एक चमत्कार से लहूलुहान होकर भाग गई थी मुगल सेना
वीर भूमि राजस्थान में देवी जीण माता की बड़ी मान्यता है। यह देवी राजस्थानी पुरोहित पारीकों की कुल देवी है। बताया जाता है कि जीण माता ने एक चमत्कार मुगल बादशाह औरंगजेब को दिखाया था जब उसकी सेना पर भौरों ने आक्रमण कर दिया जिसकी वजह से दिल्ली सल्तनत हिल गयी और माता की शक्ति से प्रभावित होकर उसने माता को सोने का छत्र चढाया। राजस्थान के शेखावटी क्षेत्र में सीकर-जयपुर मार्ग पर गोरिया के पास जीण माता गाँव में देवी जीण माता का प्राचीन मन्दिर स्थित है। जीण माता का वास्तविक नाम जयंती माता था। यह मां दुर्गा का अवतार है। यह मन्दिर शक्ति की देवी को समर्पित है। घने जंगल से घिरा यह मन्दिर तीन छोटे पहाड़ों के संगम पर स्थित है।
जीण माता का यह मन्दिर बहुत प्राचीन शक्तिपीठ है। मन्दिर दक्षिणमुखी है, लेकिन मन्दिर का प्रवेश द्वार पूरव दिशा में है। मन्दिर के देवायतन का द्वार सभा मंडप में पश्चिम की ओर है और यहां जीण माता की अष्टभुजी आदमकद मूर्ति स्थापित है। सभा मंडप पहाड़ के नीचे मन्दिर में ही एक ओर मन्दिर है, जिसे गुफा कहा जाता है। जहां जगदेव पंवार का पीतल का सिर और कंकाली माता की मूर्ति स्थापित है।
मन्दिर के पश्चिम में महात्मा की तपोस्थली है। जो धुणा के नाम से प्रसिद्ध है। लोगों का मानना है कि यह मन्दिर 1000 साल पुराना है, लेकिन कई इतिहासकार आठवी सदी में जीण माता मन्दिर का निर्माण काल मानते है। मन्दिर में अलग अलग आठ शिलालेख , मन्दिर की प्राचीनता का बताते हैं। इन शिलालेखों में सबसे पुराना शिलालेख संवत 1029 का है, परन्तु उसमें मन्दिर के निर्माण का समय नहीं लिखा है।
शक्ति का अवतार है माता
लोक कथाओं के अनुसार जीण माता का जन्म अवतार राजस्थान के चुरू जिले के घाघु गाँव के अधिपति एक चौहान वंश के राजा घघ के घर में हुआ था। जीण माता के एक बड़े भाई का नाम हर्ष था। माता जीण को शक्ति का अवतार माना गया है। कहा जाता है कि दोनों बहन-भाइयो में बहुत स्नेह था किन्तु किसी बात पर दोनों में मनमुटाव हो गया। तब जीण माता यहां आकर तपस्या करने लगी।
अरावली की पर्वतमाला पर स्थिति है हर्षनाथ जी का मन्दिर
पीछे पीछे हर्षनाथ भी अपनी लाडली बहन को मनाने के लिए आये लेकिन जीण माता जिद करने लगी और साथ जाने से मना कर दिया। हर्षनाथ का मन बहुत उदास हो गया और वह भी वहां से कुछ दूर जाकर तपस्या करने लगे। दोनों भाई-बहन के बीच हुई बातचीत का सुलभ वर्णन आज भी राजस्थान के लोकगीतों में मिलता है। भगवान हर्षनाथ का भव्य मन्दिर राजस्थान की अरावली पर्वतमाला पर स्थित है।
भंवरों के आक्रमण के आगे भागी मुगल सेना
देवी जीण माता ने सबसे बड़ा चमत्कार मुगल बादशाह औरंगजेब को दिखाय था। औरंगजेब ने शेखावटी के मन्दिरों को तोड़ने के लिए एक विशाल सेना भेजी थी। यह सेना हर्ष पर्वत पर भगवान शिव, हर्षनाथ और भैरव का मन्दिर खंडित कर जीण मन्दिर को खंडित करने के लिए आगे बढी। कहते है पुजारियों के आर्तस्वर से माँ से विनती करने पर माँ जीण ने भौरे छोड़ दिए जिनके आक्रमण से औरंगजेब की शाही सेना लहूलुहान होकर भाग खडी हुई।
इसलिए मुगल शासक औरंगजेब ने चढ़ाया सोने का छत्र
औरंगजेब को चमत्कार दिखाने के बाद जीण माता भौरों की देवी कही जाने लगी। माता की शक्ति को जानकर मुगल बादशाह ने वहां पर भंवरों की रानी के नाम से शुद्ध सोने की बनी मूर्ति भेंट की। मंदिर के लिये सवामण तेल और सवामण बाकला हर साल भेजने का वादा किया। औरंगज़ेब ने सवामन तेल का दीपक अखंड ज्योति के रूप में मंदिर में स्थापित किया और आज शताब्दियों के बाद भी वो अखंड ज्योत प्रज्वलित हो रही है। औरंगजेब को कुष्ट रोग हो गया था। उसने कुष्ट निवारण के लिए माँ से प्रार्थना की और मन्नत माँगी कि अगर कुष्ट रोग ठीक हो जायेगा तो वह जीण के मन्दिर में एक सोने का छत्र चढ़ाएगा। बादशाह का कुष्ट रोग ठीक होने पर उसने माता के मन्दिर में सोने का छत्र चढाया। यह छत्र आज भी मन्दिर में विद्यमान है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि औरंगजेब को कुष्ट रोग हो गया था। उसने कुष्ट निवारण के लिए माँ से प्रार्थना की और मन्नत माँगी कि अगर कुष्ट रोग ठीक हो जायेगा तो वह जीण के मन्दिर में एक सोने का छत्र चढ़ाएगा। बादशाह का कुष्ट रोग ठीक होने पर उसने माता के मन्दिर में सोने का छत्र चढाया। यह छत्र आज भी मन्दिर में विद्यमान है।
नोट - इस लेख में कुछ तथ्य श्री जीण माता मन्दिर ट्रस्ट से भी लिए गए हैं।



