हरियाली अमावस पर ठाकुर बांकेबिहारी के फूलबंगला के अंतिम दर्शन, हरियाली तीज पर स्वर्ण-रजत हिंडोले में विराजेंगे ठाकुरजी
वृंदावन। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में गर्मी के दिनों में ठाकुरजी को राहत प्रदान करने के लिए सजने वाले दिव्य फूलबंगला का दौर अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। 24 जुलाई यानी हरियाली अमावस को श्रद्धालु इस सीजन में अंतिम बार बांकेबिहारीजी के फूलबंगला में दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद अब अगले वर्ष ही भक्तों को आराध्य के फूलबंगला में दर्शन प्राप्त होंगे।
109 दिनों की अवधि में सजते हैं कुल 218 फूलबंगला
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में फूलबंगला सजाने की यह पावन प्रक्रिया चैत्र शुक्ल पक्ष की कामदा एकादशी से शुरू हुई थी, जिसका समापन हरियाली अमावस को हो रहा है। गर्मी के दिनों में ठाकुरजी को शीतलता प्रदान करने के उद्देश्य से कुल 109 दिनों तक यह सेवा चलती है। इस अवधि में केवल अक्षय तृतीया के दिन फूलबंगला नहीं सजाया जाता। इस प्रकार पूरे सीजन में सुबह और शाम की पाली मिलाकर कुल 218 फूलबंगला सजाए जाते हैं। इस वर्ष 24 जुलाई तक 218 फूलबंगला सजेंगे। जिन भक्तों की इस साल फूलबंगला सेवा की लालसा अधूरी रह गई, उन्होंने अगले वर्ष के लिए अभी से अग्रिम बुकिंग करानी शुरू कर दी है।
हरियाली तीज पर स्वर्ण-रजत हिंडोले में दर्शन देंगे आराध्य
हरियाली अमावस के दिन अंतिम फूलबंगला दर्शन के पश्चात, 27 जुलाई को हरियाली तीज के पावन अवसर पर ठाकुर बांकेबिहारीजी बेशकीमती स्वर्ण-रजत (सोने-चांदी) के हिंडोले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। उल्लेखनीय है कि जहां अन्य मंदिरों में हिंडोला उत्सव 15 दिनों तक चलता है, वहीं बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी साल में केवल एक ही दिन हरियाली तीज पर इस भव्य हिंडोले में बैठते हैं।
देश के प्रमुख शहरों से मंगाए जाते हैं विशेष फूल
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में फूलबंगला की सजावट के लिए मुख्य रूप से दिल्ली, बंगलूरू, हैदराबाद और कोलकाता जैसे बड़े शहरों से विशेष फूल मंगाए जाते हैं। मंदिर प्रांगण और बंगला को आकर्षक एवं भव्य रूप देने के लिए मोगरा, गेंदा, मोतिया, गुलाब, रायबेल, रजनीगंधा, जूही, चंपा, केतकी और कमल के फूलों का बहुतायत में उपयोग किया जाता है।
स्वामी हरिदासजी ने शुरू की थी यह दिव्य परंपरा
बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत श्रीनाथ गोस्वामी के अनुसार, ठाकुर बांकेबिहारीजी के प्राकट्यकर्ता स्वामी हरिदासजी अपने लाडले ठाकुरजी की बाल रूप और भाव रूप में सेवा करते थे। ग्रीष्म काल में ठाकुरजी को गर्मी से राहत देने और शीतलता प्रदान करने के भाव से वे वृक्षों की पत्तियों, केले के पत्तों और प्राकृतिक फूलों का डोला बनाया करते थे।
कालंतर में स्वामीजी की यही भावपूर्ण पहल भव्य 'फूलबंगला' सेवा में परिवर्तित हो गई। आज भी स्वामी हरिदासजी के वंशज गोस्वामी समाज द्वारा इस प्राचीन और अटूट परंपरा का पूरी श्रद्धा के साथ निर्वहन किया जा रहा है। हालांकि, समय के साथ इस सेवा में आधुनिकता का समावेश भी हुआ है, जहां पहले केले के तने व पत्तियों का प्रयोग अधिक होता था, वहीं अब देश-विदेश के सुगंधित फूलों से पूरे परिसर को भव्य रूप दिया जाता है।



