22 सितंबर से शुरू होगी शारदीय नवरात्रि, हाथी पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा

  • Sunday September 21 2025 - 11:35 PM
  •  

मथुरा। सनातन धर्म में नवरात्रि का पर्व विशेष महत्व रखता है। यह पर्व वर्ष में चार बार आता है। चैत्र माह की वासंतिक नवरात्रि, आश्विन माह की शारदीय नवरात्रि तथा माघ और आषाढ़ माह की गुप्त नवरात्रि। इनमें आश्विन माह की शारदीय नवरात्रि को अत्यधिक शुभ और मंगलकारी माना जाता है। इस वर्ष शारदीय नवरात्रि 22 सितंबर सोमवार से आरंभ होकर 1 अक्टूबर को विजयादशमी के साथ सम्पन्न होगी।

घटस्थापना और शुभ मुहूर्त

ज्योतिषाचार्य पंडित कामेश्वर नाथ चतुर्वेदी (निदेशक, दीपक ज्योतिष भागवत संस्थान) के अनुसार, आश्विन शुक्ल पक्ष प्रतिपदा तिथि सोमवार 22 सितंबर को देर रात 01:23 बजे से प्रारंभ होकर 23 सितंबर को 02:55 बजे तक रहेगी।

उदया तिथि मान्य होने के कारण 22 सितंबर को ही नवरात्रि का प्रथम दिन माना जाएगा। प्रथम दिवस पर घटस्थापना और मां शैलपुत्री की पूजा का विधान है। घटस्थापना का शुभ मुहूर्त प्रातः 06:09 से 08:06 बजे तक रहेगा। इसके अतिरिक्त अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:49 से 12:38 बजे तक घटस्थापना की जा सकती है।

मां दुर्गा का आगमन और प्रस्थान

संस्कृत भारती ब्रज प्रांत, मथुरा के अध्यक्ष आचार्य ब्रजेन्द्र नागर ने बताया कि इस वर्ष मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आएंगी और नरवाहन पर प्रस्थान करेंगी। शास्त्रों के अनुसार, हाथी पर आगमन से सुख-शांति और समृद्धि का संदेश मिलता है। नरवाहन पर प्रस्थान को सौभाग्य और स्थिरता का सूचक माना गया है।

विशेष योग और धार्मिक महत्व

इस बार शारदीय नवरात्रि की प्रतिपदा तिथि पर शुक्ल योग और ब्रह्म योग जैसे मंगलकारी संयोग बन रहे हैं। ज्योतिषाचार्य पंडित दीपक चतुर्वेदी, साहित्याचार्य शरद चतुर्वेदी, सौरभ शास्त्री, ऋषभ देव, गोविंद देव, मनोज पाठक, मनीष पाठक और निरंजन शास्त्री ने बताया कि –

इन शुभ योगों में मां दुर्गा की पूजा करने से साधक को मनवांछित फल की प्राप्ति होती है।

परिवार में सुख-समृद्धि, सौभाग्य और शांति आती है।