श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर का सर्वें कार्य जारी, 5 एकड़ जमीन पर खर्च होंगे 250 करोड़, दो दिन बाद सौंपी सर्वे रिपोर्ट
वृन्दावन। सुप्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र के 5 एकड़ में कॉरिडोर का निर्माण हेागा। बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर काशी विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल की तर्ज पर बनाया जाएगा। मथुरा के जिलाधिकारी पुलकित खरे ने नगर आयुक्त अनुनय झा की अध्यक्षता में 8 सदस्य समिति का गठन किया गया है। यह समिति कॉरिडोर क्षेत्र का सर्वे करते हुए चिह्नांकन करेगी। इसके अलावा भक्तों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं की योजना भी बना कर एक रिपोर्ट डीएम को प्रस्तुत करेगी।
कॉरिडोर क्षेत्र की जद में आएंगे 300 भवन
5 एकड़ में बनने वाले बांके बिहारी जी कॉरिडोर क्षेत्र में 307 भवन आएंगे। इनमें कुछ घर हैं, कुछ धर्मशाला तो कुछ पुरानी कुंज। इसके अलावा 14 गलियां रहेंगी। इस कॉरिडोर से बांके बिहारी जी मंदिर के समीप मौजूद प्राचीन राधा बल्लभ मंदिर और मदन मोहन को दूर रखा जाएगा। लेकिन करीब 8 छोटे मंदिर इस दायरे में आ सकते हैं।
आठ सदस्यीय समिति ने सर्वे का काम शुरू किया
जिलाधिकारी की ओर से बनाई गई कमेटी में 8 अधिकारी नामित किए गए हैं। जिसमें नगर आयुक्त अनुनय झा, एडीएम वित्त योगानंद पांडे, विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश सिंह, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सनसवीर सिंह, एसडीएम सदर अजय जैन, सीओ सदर प्रवीण कुमार मलिक, सिटी मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे एवं राजस्व विभाग की टीम को शामिल किया गया है। मंगलवार को ठाकुर बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर निर्माण से संबंधित सर्वे के लिए पहुंची टीम में एडीएम वित्त योगानंद पांडे अपर नगर आयुक्त क्रांति शेखर सिंह सिटी मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे विप्रा के सचिव राजेश सिंह पीडब्ल्यूडी के एक्स ई एन बीसी मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
आठ सदस्यीय कमेटी ने मंगलवार को सुबह विद्यापीठ चौराहे पर बने एक होटल में मीटिंग की। उसके बाद टीम के सदस्य परिक्रमा मार्ग स्थित जुगल घाट पर पहुंचे। यहां से टीम ने भवनों का चिह्नांकन करते हुए उन पर नंबर डालना शुरू कर दिया। टीम जुगल घाट होते हुए रंगीली कुंज,जंगल कट्टी होते हुए हरगुलाल की हवेली पहुंची। रास्तों में पड़े भवनों की जानकारी की और चिह्नांकन करते हुए वहां पर भी नंबर डाले।
मंदिर के तीन तरफ से बनाए जाएंगे रास्ते
श्री बांके बिहारी मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार काशी कॉरिडोर और विंध्याचल कॉरिडोर की तरह कॉरिडोर बनाना चाहती है। इस बात को ध्यान में रखते हुए टीम ने तीन रास्तों को प्रवेश और निकास के लिए चिह्नित किया। इनमें पहला रास्ता विद्यापीठ चौराहा से होगा जबकि दूसरा जुगल घाट से और तीसरा वीआईपी रोड।
25 से 30 मीटर हो सकते हैं रास्ते
बांके बिहारी जी मंदिर के लिए बनाए जाने वाले कॉरिडोर के रास्ते 25 से 30 मीटर चौड़े हो सकते हैं। अभी यह रास्ते कहीं 20 फीट तो कहीं 30 फीट हैं। कॉरिडोर बनने के बाद यह रास्ते 75 फीट से 90 फीट तक हो जायेंगे। जानकारी के अनुसार विद्यापीठ से लेकर जुगल घाट तक कॉरिडोर तक बनने वाला रोड 25 मीटर तक चौड़ा होगा।
शनिवार तक टीम सौंपेगी रिपोर्ट
भवनों के चिह्नांकन और मूल्यांकन के लिए बनाई गई टीम शनिवार तक अपनी रिपोर्ट जिला अधिकारी को सौंप सकती है। टीम के अध्यक्ष नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि 3 से 4 दिन में रिपोर्ट तैयार की जायेगी। इसके बाद यह रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। जिलाधिकारी भवनों के चिह्नांकन और मूल्यांकन के साथ बनाई गई रिपोर्ट 17 जनवरी को हाई कोर्ट में होने वाली सुनवाई के दौरान प्रस्तुत करेंगे।
250 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान
श्री बांके बिहारी मंदिर के लिए बनने वाले कॉरिडोर में लागत कितनी आएगी, इस बारे में फिलहाल अधिकारी नहीं बता रहे हैं। लेकिन सूत्रों की मानें तो जमीन से संबंधित कार्य में करीब 250 करोड़ रुपए का खर्चा होने की संभावना है। इसमें जमीन के चिह्नांकन,मुआवजा शामिल है।
आपको बता दें कि बांके बिहारी मंदिर कॉरीडोर की कार्ययोजना हाईकोर्ट में पेश की जानी है। इसके लिए एक दिन पहले ही जिलाधिकारी पुलकित खरे ने नगर आयुक्त अनुनय झा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम बनाई थी। कार्ययोजना में मंदिर पहुंच मार्ग, सड़क चौड़ीकरण, दुकानों की व्यवस्था, जूते चप्पल रखने के स्थान, सीसीटीवी कैमरे, बैरियर, जन सुविधाएं, परिक्रमा पथ, यात्री सुविधा केंद्र, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मल्टीपरपज हॉल जैसी सुविधाओं की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है।



