राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मथुरा के वात्सल्य ग्राम का किया भ्रमण, साध्वी ऋतंभरा के सेवा कार्यों की सराहना

  • Sunday March 22 2026 - 01:38 AM
  •  

  • समविद् गुरुकुलम सैनिक स्कूल की छात्राओं ने किया मार्चपास्ट 
  • बच्चों की प्रतिभाओं को देखकर राष्ट्रपति ने जताई खुशी

मथुरा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने मथुरा दौरे के दौरान वृंदावन स्थित वात्सल्य ग्राम का भ्रमण किया। यहां पहुंचने पर उनका स्वागत वात्सल्य ग्राम की संस्थापक साध्वी ऋतंभरा ने किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान छोटे बच्चों ने वैदिक मंत्रोच्चार कर राष्ट्रपति का अभिनंदन किया, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से गूंज उठा। इसके बाद वात्सल्य ग्राम स्थित समविद् गुरुकुलम सैनिक स्कूल में राष्ट्रपति को परमशक्ति पीठ के राष्ट्रीय सचिव संजय गुप्ता और शिक्षा निदेशक सुमन लता द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

छात्राओं ने किया मार्चपास्ट, खिंचवाई ग्रुप फोटो

राष्ट्रपति और राज्यपाल का कार्यक्रम स्थल तक सैनिक स्कूल की छात्राओं ने मार्चपास्ट करते हुए स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने छात्राओं, स्कूल प्रबंधन और सैन्य प्रशिक्षण ले रही छात्राओं के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।

बच्चों की प्रतिभाओं का किया अवलोकन

इसके पश्चात राष्ट्रपति ने राज्यपाल के साथ गोल्फ कार्ट से पूरे परिसर का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने बच्चों द्वारा प्रदर्शित विभिन्न गतिविधियों को देखा, जिनमें जूडो-कराटे, बैडमिंटन, घुड़सवारी, मार्चपास्ट और बैंड प्रस्तुति शामिल थीं। बच्चों की प्रतिभा को देखकर राष्ट्रपति ने उनकी सराहना की।

गोकुलम में बच्चों और यशोदा माताओं से की मुलाकात

गोकुलम पहुंचने पर बच्चों ने संदेश लिखी तख्तियों के माध्यम से राष्ट्रपति का स्वागत किया। सिया परमानंद ने वैदिक मंत्रों से अभिनंदन किया। राष्ट्रपति ने यहां यशोदा माताओं और बच्चों से बातचीत कर उनके जीवन और शिक्षा के बारे में जानकारी ली। राष्ट्रपति ने वात्सल्य ग्राम में हो रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए साध्वी ऋतंभरा के प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

माँ सर्वमंगला और भगवान शिव के किए दर्शन

अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति और राज्यपाल ने गुफा में विराजित सिंदूर से निर्मित माँ सर्वमंगला के विग्रह के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। उन्होंने आरती की तथा भगवान शिव पर कलश से जल अर्पित किया। साथ ही गौशाला पहुंचकर गौ-सेवा भी की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ भव्य स्वागत

वात्सल्य ग्राम भ्रमण के दौरान कृष्णा ब्रह्मरत्न विद्या मंदिर और वैशिष्टम के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर राष्ट्रपति का स्वागत किया। जगह-जगह वात्सल्य ग्राम के निवासियों ने तिरंगा और भगवा ध्वज लहराकर तथा स्वागत संदेशों के साथ उनका अभिनंदन किया।

ये रहे प्रमुख लोग मौजूद

इस अवसर पर गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, संजय गुप्ता, सुमनलता, साध्वी शिरोमणि और स्वामी सत्यशील सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।