रामलला को ठाकुर बांकेबिहारी की ओर से अयोध्या पहुंचे मंगल उपहार
सेवायत गोपी गोस्वामी ने भेंट किए रजत मढ़ित दक्षिणावर्ती शंख, चांदी की बांसुरी, सात मोतियोंं के कंठाहार एवं केसर इत्र
अयोध्या। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत गोपी गोस्वामी रविवार को अयोध्या पहुंचे और रामलला के मंदिर के मुख्य आचार्य सत्येंद्रदास से मिले। मंदिर के लोकार्पण और भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले बांकेबिहारी मंदिर सेवायत ने भगवान राम मंगल उपहार भेंट किए।
गोपी गोस्वामी ने राम मंदिर के मुख्य आचार्य सत्येंद्रदास को ठाकुरजी के गर्भगृह में पूजा अर्चना के लिए रजत जड़ित दक्षिणावर्ती शंख, चांदी की बांसुरी, सात मोतियोंं के कंठाहार, शुद्ध केसर और सर्द मौसम के अनुरुप केस इत्र भेंट किया। इतना ही नहीं ठाकुर बांकेबिहारी की ओर से रामलला के लिए भोग और वस्त्र भी भेंट किए। इससे पहले गोस्वामी ने रामलला के मुख्य आचार्य का को अंगवस्त्र ओढाकर स्वागत किया।
पुजारी सत्येंद्र दास ने युगों से चले रहे वृंदावन और अयोध्या के बीच संबंधों पर चर्चा की और उसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान राम और कृष्ण एक ही हैं। वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर की ओर से होली पर रंग, गुलाल और अंगवस्त्र आए थे। बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत गोपी गोस्वामी ने कहा कि ठाकुर बांकेबिहारी की ओर से भगवान की सेवा में समर्पित किया जाना बड़े ही सौभाग्य की बात है।



