सती का श्रापः यहां सुहागिनें नहीं करती करवाचौथ का व्रत
मथुरा। नियत तारीख पर करवा चौथ का चांद तो पूरे जोश के साथ आसमान पर चमकेगा, मगर सामाजिक रूढ़िवादिता के बंधन में बंधी चांदनी पर मायूसी ही छाई रहेगी। जनपद मथुरा के कस्बा सुरीर के मुहल्ला वघा में ठाकुर समाज के सैकड़ों परिवारों में सुहाग सलामती त्यौहार से परहेज की रूढ़िवादी परंपरा वर्षों से चली आ रही है। सती के श्राप का भय महिलाओं के मन-मस्तिष्क पर इस कदर छाया हुआ है कि उन्हें करवाचौथ के व्रत की इजाजत नहीं दे रहा है।
सती की बंदिश के चलते विवाहिताओं के अरमान अधूरे
विवाहिता पूजा का कहना है कि मन में तमन्ना थी कि शादी के बाद करवाचौथ पर निर्जला व्रत एवं सोलह श्रंगार कर अपने चांद का दीदार करेंगी। लेकिन यहां आकर पता चला कि सती की बंदिश के चलते वह ऐसा नहीं कर पाएगी। विवाहिता रेखा का कहना है कि शादी के बाद उसने ससुराल में आकर इस त्यौहार से परहेज की बात सुनी तो वह मन मसोस कर रह गई। विवाहिता पूनम ने बताया कि शादी होकर आई तो करवाचौथ पर सुहाग सलामती को व्रत रखने को मन में बड़ी उमंग थी। बंदिश की परंपरा की वजह से त्यौहार को न मना पाने की कसक हमेशा कचोटती रहती है। वृद्धा रामवती देवी का कहना है कि वर्षों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन करते आ रहे हैं। इस बंदिश को तोड़ने की किसी में हिम्मत नहीं है। उनका कहना है कि सती के श्राप को लेकर कोई कुछ कहे लेकिन अब सती माता पूजा अर्चना करने पर आशीर्वाद देती हैं।
यह है सती के श्राप की कहानी
बुजर्गाे की माने तो सैकड़ों वर्ष पहले गांव रामनगला (नौहझील) का ब्राह्मण युवक अपनी पत्नी को विदा कराकर घर लौट रहा था। सुरीर में होकर निकलने के दौरान वघा मुहल्ले में ठाकुर समाज के लोगों का ब्राह्मण युवक की बग्घी में जुते भैंसा को लेकर विवाद हो गया। विवाद में ब्राह्मण युवक की मौत हो गई थी। अपने सामने पति की मौत से कुपित मृतक की पत्नी इन लोगों को श्राप देते हुए सती हो गई थी। इसे सती का श्राप कहें या बिलखती पत्नी के कोप का कहर। घटना के बाद मुहल्ले में मानो कहर आ गया था। जवान लोगों की मौत का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाएं जवानी में विधवा होने लगीं। शोक, डर और दहशत से इन लोगों के परिवार में कोहराम मचना शुरू हो गया।
गांव के बुजर्ग लोगों ने इसे सती का श्राप मानते हुए क्षमा याचना करते हुए मोहल्ले में मंदिर बना कर सती की पूजा-अर्चना शुरू कर दी थी। जिससे सती के कोप का असर तो थम गया लेकिन इनके परिवारों में पति और पुत्रों की दीर्घायु को मनाए जाने वाले करवाचौथ व अहोई अष्टमी के त्यौहार पर सती ने बंदिश लगा दी। तभी से यह त्यौहार मनाना तो दूर इनके परिवार की महिलाएं पूरा साज-श्रृंगार भी नहीं करती हैं। उन्हें ऐसा करने पर सती के नाराज होने का भय बना रहता है।



