नगर निगम से अलग कर 'ए-श्रेणी नगरपालिका' बनाने की उठी मांग; मंच ने निकाला पैदल मार्च और चलाया हस्ताक्षर अभियान
वृंदावन। एक बार फिर नगर निगम से अलग कर 'ए-श्रेणी नगरपालिका' का दर्जा दिलाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसी मांग को लेकर 'नगर पालिका जन अभियान मंच' के बैनर तले बुधवार शाम को एक विशाल जनजागरण एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यापीठ चौराहा से गौतम पाड़ा तिराहा तक पैदल मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और शहर के प्रबुद्धजन शामिल हुए।
वर्तमान व्यवस्था से जनता त्रस्त, श्रद्धालुओं में भी निराशा
पैदल मार्च के दौरान मंच से जुड़े लोगों ने शहर के नागरिकों को नगर निगम व्यवस्था की कमियों और नगरपालिका बनने वाले लाभों के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं:
प्रमुख मुद्दे: सीवर व्यवस्था का ठप होना, पेयजल संकट, टूटी हुई सड़कें, खराब साफ-सफाई व्यवस्था और यमुना नदी की लगातार बिगड़ती स्थिति।
श्रद्धालुओं की चिंता: देश-विदेश और अन्य शहरों से वृंदावन आने वाले तीर्थयात्री जब शहर की इन वास्तविक और लचर व्यवस्थाओं को देखते हैं, तो उन्हें गहरी निराशा होती है, जो कि चिंता का विषय है।
राजनीतिक दलों के लिए मंच की दो टूक शर्त
नगर पालिका जन अभियान मंच के नेता जितेन्द्र सिंह राणा ने स्पष्ट किया कि मंच का किसी भी राजनीतिक दल से कोई विरोध नहीं है। उनका एकमात्र उद्देश्य वृंदावन का चहुंमुखी विकास और यहां की व्यवस्थाओं में सुधार लाना है।
उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा- "जो भी राजनीतिक दल वृंदावन को नगर निगम से पृथक कर पुनः 'ए-श्रेणी नगरपालिका' बनाने की मांग को अपने आधिकारिक चुनावी घोषणापत्र में शामिल करेगा और लिखित आश्वासन देगा, मंच सिर्फ उसी दल का समर्थन करेगा।"
पैदल मार्च में ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
इस जनजागरण अभियान और पैदल मार्च में प्रमोद खंडेलवाल, उदय सिंह, गोविंद शर्मा, उदयपाल सिंह, विजय सिंह, शैलेंद्र चौहान, ज्ञानी ठाकुर, गोपाल सिंह, विवेक आचार्य, तपेश पाठक, योगेश योगराज, धर्मेश खरे, रबी और राजू तोमर सहित दर्जनों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



