श्रीबांकेबिहारी मंदिरः हाईपावर्ड कमेटी का नया फैसला, गणेश मंदिर का खुलेगा ताला, रखा जाएगा दानपात्र
- गणेश मंदिर के गेट से ताले हटाने के निर्देश
- हाई पावर्ड कमेटी ने किया स्थल निरीक्षण
वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में गेट 5 के समीप भगवान गणेश पर लगे ताले खोला जाएगा साथ ही पूजा-दर्शन की सुचारू व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालु अब भगवान गणेश की पूजा और दर्शन कर सकेंगे; यह निर्णय श्रीबांकेबिहारी हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी ने जांच पड़ताल के बाद लिया।
शुक्रवार को कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार एवं जिला एवं कमेटी सदस्य सेवानिवृत्त सत्र न्यायाधीश मुकेश मिश्रा ने अन्य सदस्यों के साथ ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहंुचे। यहां उन्होेने बांकेबिहारी मंदिर के गेट पांच के समीप गणेश मंदिर स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद कमेटी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गेट पर लगे दोनों ताले तुरंत हटाए जाएं और दान पात्र को भगवान के स्थल के सामने सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित किया जाए।
हाई पावर्ड कमेटी की बैठक में उठा मामला
20 नवंबर को वृंदावन स्थित लक्ष्मण शहीद स्मारक के सभागार में हाई पावर्ड कमेटी की बैठक आयोजित हुई थी। जिसमें कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार की अध्यक्षता में सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त सभी सदस्य एवं कमेटी द्वारा नामित गोस्वामी सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में श्रीबांकेबिहारी मंदिर के गेट नंबर 5 पर स्थित गणेश मंदिर के बाहर ताले लगाए जाने की शिकायत सामने आई। यह प्रार्थना पत्र कमेटी के समक्ष सुमित गोस्वामी द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें बताया गया कि गणेश मंदिर का गेट कमेटी के नामित सदस्य दिनेश गोस्वामी के मौखिक निर्देश पर गणेश मंदिर पर ताला लगा दिया गया। इस पर अध्यक्ष ने सेवायत सदस्य दिनेश गोस्वामी से पूछा तो उन्होंने बताया कि मंदिर पर अतिक्रमण हो रहा था, लोगों को दर्शन भी नहीं हो पाते थे। इस कारण से बंद कर दिया गया।
गणेश मंदिर के निरीक्षण में मिले तथ्य
21 नवंबर को दोपहर 12 बजे हाई पावर्ड कमेटी के वरिष्ठ सदस्यों ने मंदिर स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मंदिर गेट पर स्टील के दो ताले लगे हुए थे। दर्शनार्थियों और सेवायतों के द्वारा शिकायत की गई कि ताले लगने से पूजा सेवा में बाधा आ रही है। भगवान गणेश को प्रसाद और भोग अर्पित करने में भी दिक्कत हो रही थी। सेवादारों ने बताया कि भक्तों को भी दर्शन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विजय कृष्ण गोस्वामी (पप्पी फौजी) सहित कई गोस्वामियों ने यह मुद्दा कमेटी सदस्यों के समक्ष रखा।
हाई पावर्ड कमेटी का स्पष्ट आदेश
निरीक्षण और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कमेटी ने निम्न निर्देश जारी किए -
1. गणेश मंदिर गेट पर लगे दोनों ताले तुरंत प्रभाव से हटाए जाएं।
2. दान पात्र को भगवान के स्थल के ठीक सामने सुव्यवस्थित ढंग से रखा जाए।
3. दान पात्र पर स्पष्ट रूप से देवनागरी में दान पात्र लिखा जाए।
4. पूजा-स्थल पर किसी भी स्थिति में एक से अधिक सेवादार उपस्थित नहीं रहेंगे।
5. मंदिर के प्रबंधक को आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
भक्तों में संतोष, व्यवस्था बहाल
लोकप्रिय पर्यटन और आस्था स्थल होने के कारण श्रीबांकेबिहारी मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। गणेश मंदिर पर लगे ताले के कारण उत्पन्न स्थिति को लेकर कई दिनों से चर्चाएं चल रही थीं। हाई पावर्ड कमेटी के निर्णय के बाद भक्तों और गोस्वामी समाज में संतोष नजर आया है।



