हाई-प्रोफाइल बैठक में 274 करोड़ की विकास परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई
ब्रज के विकास को लगेंगे पंख: 274 करोड़ की योजनाओं पर लगी मुहर, 36 पौराणिक वनों का होगा पुनरुद्धार
- चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर बनेंगे हाईटेक पड़ाव स्थल
- गोवर्धन और राधाकुंड में खुलेंगे भव्य टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर
- यमुना किनारे घाटों का होगा उद्धार, बलदेव को मिलेगी प्राथमिकता
मथुरा। मथुरा और ब्रज क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप को संवारने के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने वर्ष 2026-27 का खाका तैयार कर लिया है। गुरुवार को परिषद सभागार में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता और उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा की मौजूदगी में हुई हाई-प्रोफाइल बैठक में 274 करोड़ की विकास परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी गई।
परिक्रमा मार्ग और पड़ाव स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण
ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जाव, करहला और शेरगढ़ स्थित पड़ाव स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा। यहाँ बाउंड्री वॉल और भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि गोवर्धन के जमुनावता ( 45 करोड़) और राधाकुंड के छटीकरा मोड़ ( 65 करोड़) पर आधुनिक पर्यटक सुविधा केंद्र (TFC) विकसित किए जाएंगे, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।
पौराणिक वनों और ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण
परिषद ने ब्रज के 36 पौराणिक वनों के इको-रेस्टोरेशन के लिए 42 करोड़ का भारी-भरकम बजट प्रस्तावित किया है। इसके अलावा कंस किले के पिछले हिस्से का 15 करोड़ की लागत से पुनरुद्धार होगा। मसानी स्थित गुरु नानक देव की बगीची के पास नई पार्किंग और जन-सुविधाएं विकसित होंगी। यमुना पार हंसरानी घाट और बलदेव के सैंतरी व कंजौली घाट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। गोविंद नगर टीला और सौंख टीला को लघु संग्रहालय और पर्यटन केंद्र के रूप में निखारा जाएगा।
बलदेव और गोवर्धन क्षेत्र पर विशेष फोकस
मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बलदेव क्षेत्र में बढ़ती भीड़ को देखते हुए वहां के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। यमुना एक्सप्रेसवे से बलदेव के लिए 13 करोड़ का इंटरचेंज और मंदिर तक स्मार्ट रोड का निर्माण प्रमुखता से किया जाएगा। वहीं, गोवर्धन में अडींग के जर्जर किले के संरक्षण और मानसी गंगा के सौंदर्यीकरण के लिए टाटा समूह (CSR) के सहयोग से कार्य कराने की योजना है।
नंदगांव में रोपवे और गोकुल में 7 किमी लंबा परिक्रमा मार्ग
भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए बताया गया कि नंदगांव में श्रद्धालुओं की सुलभता के लिए रोपवे का निर्माण और गोकुल में 7 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग का सुधार कार्य भी पाइपलाइन में है। साथ ही, 17 मई से शुरू होने जा रही अधिक मास परिक्रमा के लिए ठंडे पानी और शौचालयों की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है।
ब्रज चौरासी कोस की अंतर्वेदी परिक्रमा के लिए लगभग 6000 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भारत सरकार के परिवहन विभाग में लंबित है, जबकि बहिर्वेदी परिक्रमा मार्ग का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के निर्देश पर तैयार कर राज्य शासन को भेजा गया है। 17 मई से प्रारंभ होने जा रही अधिक मास परिक्रमा के दृष्टिगत परिषद ने पड़ाव स्थलों पर ठंडे पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त मानसी गंगा के सौंदर्यीकरण एवं पुनरुद्धार के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत टाटा समूह के सहयोग से कार्य कराए जाने की तैयारी की जा रही है। बैठक में समग्र रूप से ब्रज क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास को गति देने के लिए प्रस्तावित शासन को भेजे जा रहे हैं
- शैलजाकांत मिश्रा, उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, मथुरा
बैठक में उपस्थिति: इस महत्वपूर्ण बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल, सांसद हेमा मालिनी के प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, राज्यसभा सदस्य तेजवीर सिंह, विधायक मेघश्याम सिंह, विधायक ओम प्रकाश सिंह सहित नगर आयुक्त जग प्रवेश और परिषद के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रस्तावित परियोजनाएँ (2026–27)
- ग्राम जाव (छाता तहसील) – 84 कोसीय परिक्रमा के 0.526 हेक्टेयर पड़ाव स्थल का विकास – ₹200 लाख
- ग्राम करहला (छाता तहसील) – 2.50 हेक्टेयर पड़ाव स्थल का विकास – ₹500 लाख
- ग्राम जमुनावता – 2.5248 हेक्टेयर भूमि पर पर्यटक सुविधा केंद्र – ₹4500 लाख
- ग्राम राधाकुंड (गोवर्धन तहसील) – 5.083 हेक्टेयर भूमि पर पर्यटक सुविधा केंद्र – ₹6500 लाख
- यमुना नदी – संचेरी/कंजोली घाट निर्माण (पीपा पुल) – ₹4000 लाख
- मथुरा नगर – कंस किला के पीछे का पुनरुद्धार – ₹1500 लाख
- गुरु नानकदेव बगीची (मसानी रोड) – पार्किंग, आवास एवं जन-सुविधाएँ – ₹400 लाख
- रानी घाट (यमुना किनारा) – पुनरुद्धार – ₹800 लाख
- कंस किला क्षेत्र – कुशक जूनियर हाई स्कूल भवन का संरक्षण व पुनः उपयोग – ₹800 लाख
- 36 पौराणिक वनों का इको-रेस्टोरेशन – ₹4200 लाख
- ग्राम शेरगढ़ (छाता तहसील) – 2.023 हेक्टेयर परिक्रमा मार्ग पड़ाव विकास – ₹500 लाख
- जवाहर बाग (सदर तहसील) – सौंदर्यीकरण – ₹700 लाख
- गोकुल (महावन तहसील) – 7 किमी परिक्रमा मार्ग विकास – ₹1500 लाख
- सौंख टीला (गोवर्धन तहसील) – पर्यटन स्थल के रूप में विकास – ₹1500 लाख
- गोविंद नगर टीला – बाउंड्री, लैंडस्केपिंग, म्यूजियम व पर्यटन केंद्र – ₹1500 लाख
कुल बजट: 274 करोड़
सबसे बड़ी योजना: राधाकुंड टीएफसी ( 65 करोड़)
पर्यावरण: 36 पौराणिक वनों का संरक्षण ( 42 करोड़)
कनेक्टिविटी: बलदेव इंटरचेंज और स्मार्ट रोड



