हाथी प्रशंसा दिवस 2025
हाथी प्रशंसा दिवस 2025: प्रकृति के सौम्य और अद्भुत जीव के सम्मान का जश्न
मथुरा। हर साल की तरह इस वर्ष भी 22 सितंबर को हाथी प्रशंसा दिवस (Elephant Appreciation Day 2025) मनाया जा रहा है। इस अवसर पर वाइल्डलाइफ एसओएस ने हाथियों के महत्व को रेखांकित करते हुए इनके शोषण और दुर्व्यवहार पर सख्त रोक लगाने की मांग की है।
हाथी: प्रकृति के माली और जंगलों के इंजीनियर
- विशेषज्ञों के अनुसार हाथी पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन में अहम भूमिका निभाते हैं।
- वे जंगलों में रास्ते बनाते हैं और छोटे पौधों तक सूर्य की किरणें पहुँचाने में मदद करते हैं।
- अपने गोबर से बीज बिखेरकर मिट्टी को समृद्ध करते हैं और जैव विविधता को बनाए रखते हैं।
- जलवायु परिवर्तन और कार्बन संतुलन में भी उनकी अहम भागीदारी है।
वाइल्डलाइफ एसओएस के सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा कि “हाथी न केवल भारत की सांस्कृतिक धरोहर हैं, बल्कि पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र की नींव भी हैं। अब समय आ गया है कि हम उनके शोषण को खत्म कर उन्हें आज़ादी और उचित देखभाल दें।”
बेगिंग एलीफेंट कैंपेन: शोषण के खिलाफ जंग
भारत में अब भी कई हाथी अवैध रूप से पकड़े जाते हैं और उनसे क्रूर काम कराए जाते हैं। इसी को रोकने के लिए वाइल्डलाइफ एसओएस ने "बेगिंग एलीफेंट कैंपेन" की शुरुआत की। इस अभियान के तहत हाथियों को सड़कों, मंदिरों और शादियों में भीख माँगने से मुक्त कराया जाता है। इन्हें मथुरा स्थित हाथी संरक्षण एवं देखभाल केंद्र और भारत के पहले हाथी अस्पताल में लाकर चिकित्सा, पुनर्वास और सुरक्षित जीवन दिया जाता है। अब तक मनु और हरी जैसे कई हाथियों को बचाया जा चुका है, जो पहले गंभीर बीमारियों और अत्याचारों से जूझ रहे थे।गीता शेषमणि, सह-संस्थापक वाइल्डलाइफ एसओएस, कहती हैं कि “हर हाथी को जंजीरों से मुक्त कर दया और करुणा का जीवन देना ही हमारा लक्ष्य है। हमारे अभयारण्य इसी बदलाव का जीवंत उदाहरण हैं।”
हाथी सेवा: भारत का पहला मोबाइल क्लिनिक
- हाथियों की चिकित्सा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ‘हाथी सेवा’ (Elephant Ambulance & Mobile Clinic) की शुरुआत की गई।
- इस क्लिनिक ने अब तक 130 से अधिक हाथियों का इलाज किया है।
- इसमें विशेषज्ञ पशु चिकित्सक और आधुनिक उपकरण लगे हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में भी हाथियों तक चिकित्सा सेवा पहुँचती है।
- बैजूराज एम.वी., डायरेक्टर कंज़रवेशन प्रोजेक्ट्स, कहते हैं कि “यह पहल हाथियों को जीवन का दूसरा मौका देती है और उन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाती है, जिन्हें अब तक उपेक्षित किया गया था।”
एशियाई हाथियों का संरक्षण क्यों ज़रूरी?
IUCN ने एशियाई हाथियों को लुप्तप्राय श्रेणी में रखा है।
जंगलों में इनकी संख्या 50,000 से भी कम रह गई है।
भारत इस प्रजाति के अस्तित्व की आखिरी बड़ी उम्मीद है।



