संविदाकर्मियों के लिए मुख्यमंत्री योगी ने की बड़ी घोषणा, बढ़ाया मानदेय, 5 लाख तक का मुफ्त इलाज

  • Saturday February 22 2025 - 12:40 AM
  •  

  • अब एजेंसियों से न होकर सेवा निगम करेगा संविदाकर्मियों की भर्ती 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट के महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी देते हुए आउटसोर्सिंग (संविदा) पर रखे जाने वाले कर्मचारियों को लेकर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने घोषणा  करते हुए कहा कि संविदा कर्मचारियों को हर महीने न्यूनतम 16000 से 20,000 रुपये वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही, उनकी भर्ती अब सीधे एजेंसियों के माध्यम से न कर निगम के माध्यम से की जाएगी। इसे लिए सरकार द्वारा सेवा निगम का गठन किया जाएगा।

सीएम योगी ने दूसरी बड़ी घोषणा में बताया कि प्रदेश में संविदा पर रखे गए होमगार्ड, पीआरडी जवान, ग्राम चौकीदार, शिक्षामित्र, अनुदेशक, आशा वर्कर्स, आंगनबाड़ी, एएनएम, संविदा से जुड़े एवं स्वच्छता से जुड़े सभी कार्मिकों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के अन्तर्गत 5 लाख रुपये तक की निशुल्क चिकित्सा का लाभ दिया जाएगा। कर्मियों को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज दिया जाएगा। ऐसे कर्मियों का मुख्यमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा।

वित्त मंत्री द्वारा बजट पेश किए जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार आउटसोर्सिंग कर्मियों की भर्ती के लिए सेवा निगम बनाएगी। उनका पारिश्रमिक सीधे उनके खाते में जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह बजट गरीब, अन्नदाता किसान, युवा व महिला उत्थान को समर्पित है। 

इस घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश में 1.91 लाख संविदा कर्मचारी लाभान्वित होंगे। प्रदेश में इस समय करीब 1,91,644 संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारी विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत हैं। योगी सरकार की इस नई योजना से उन्हें वित्तीय और स्वास्थ्य सुरक्षा दोनों मिलेगी।