श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर और मंदिर न्यास के समर्थन में आने लगे सेवायत गोस्वामी

  • Saturday June 07 2025 - 12:48 AM
  •  

  • शयन भोग के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने कहा कि कोरिडोर और न्यास बनने से वृंदावन में आएगी भव्यता 
  • सरकार की बेहतर पहल से वृंदावन में बढ़ेगा रोजगार

मथुरा। वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर और मंदिर न्यास के समर्थन में अब सेवायत गोस्वामी भी आने लगे हैं। श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत अब कॉरिडोर और मंदिर न्यास को वृंदावन के विकास के लिए आवश्यक बताते हुए इसे सरकार की बेहतर पहल बता रहे हैं।

शुक्रवार को वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर की शयन भोग सेवा के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने कॉरिडोर एवं मंदिर न्यास का खुलकर समर्थन किया है। देशभर की सुर्खियों में छाए इस विषय पर सेवायत दिनेश गोस्वामी ने मीडिया के समक्ष कहा कि बांकेबिहारी कॉरिडोर बनने से वृंदावन में और भव्यता आएगी। इससे किसी को कोई दिक्क़त नहीं होने जा रही है। 

सरकार ने वायदा किया है कि जमीन अधिग्रहण से पीड़ितों के साथ न्याय होगा। उन्हें अच्छा पैसा दिया जाएगा। उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। सरकार ने मंदिर न्यास के गजट में स्पष्ट किया है कि सेवायतों के सेवा पूजा के रोस्टर तथा अन्य किसी प्रकार के सेवा अधिकारों का हनन नहीं होगा। सेवा रोस्टर में कोई छेड़छाड़ नहीं होगी। 

2016 में मंदिर की प्रबंध समिति के सदस्य रहे शयन भोग सेवा के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने कहा कि मंदिर न्यास और कॉरिडोर बनने से बहुत बेहतर व्यवस्थाएं हो जाएंगी। वृंदावन में लोगों को बहुत ज्यादा रोजगार मिलेगा। इस समय जो लोग आ रहे हैँ उनकी संख्या दो गुनी हो जाएगी। 50 करोड़ लोग यहां आएंगे, वो पैसा कहाँ जाएगा। वृंदावन में ही रहेगा। वृंदावन के लोगों को ही मिलेगा।0 उन्होंने कहा कि कुछ पाने के लिए कुछ खोना भी पड़ता है। वृंदावन के विकास और श्रीबांकेबिहारीजी के भक्तों की सुविधा के लिए कॉरिडोर और मंदिर न्यास बहुत जरूरी है। वह इन दोनों ही बिंदुओं पर सरकार के फैसले का पुरजोर समर्थन करते हैँ। ये सरकार की बेहतर पहल है। सेवा पूजा के अधिकार यथावत रहने चाहिए।