मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी को गोली मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, पुलिस मोबाइल ट्रेस कर पहुंची आरोपी तक
बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोली मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यूपी-112 पर धमकी भरा फोन करने वाले युवक की पहचान प्रयागराज के सोरांव निवासी मनीष दूबे के रूप में हुई है। मोबाइल नंबर ट्रेस होते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर लिया।
यह घटना 2 नवंबर की रात सामने आई, जब यूपी-112 की पीआरवी-5049 टीम ने चौकी प्रभारी मोहम्मदपुर उपनिरीक्षक सुदर्शन सिंह को सूचना दी कि मनीष नामक व्यक्ति ने फोन कर सीएम योगी को गोली मारने की धमकी दी है। पुलिस ने जब आरोपी से संपर्क किया तो उसने पहले अपनी लोकेशन चारबाग, लखनऊ बताई और फिर प्रयागराज। इसके तुरंत बाद उसने फोन स्विच ऑफ कर लिया। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली। मामले की जांच उपनिरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



