वृंदावन: रंगनाथ मंदिर में बैकुण्ठ उत्सव पर श्रद्धालुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध
वृंदावन। मंदिरों की नगरी वृंदावन के दक्षिण भारतीय शैली के रंग मंदिर में प्रति वर्ष बैकुंठ उत्सव पर होने वाले भगवान रंगमन्नार के दर्शन श्रद्धालुओं को इस बार नहीं होंगे। मंदिर प्रबंधन ने यह निर्णय कोरोना के तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लिया है।
रंग मंदिर प्रबन्धन ने इस बार बैकुंठ उत्सव 13 जनवरी 2022 को प्रात: के समय श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय मन्दिर प्रबंधन ने आम श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विषम परिस्थितियों में लिया है।
रंगजी मंदिर की सीईओ अनघा श्रीनिवासन के अनुसार 13 जनवरी को बैकुण्ठ उत्सव का प्रसारण लाइव मन्दिर के फेसबुक पेज पर किया जाएगा। इसलिए श्रद्धालुजनों से अपील की है कि वह बैकुंठ उत्सव के दर्शन फेसबुक पेज पर लाइव करें। मन्दिर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।



