निधिवनः वृन्दावन में एक ऐसा वन आज भी रासलीला करते हैं भगवान राधाकृष्ण!

  • Thursday May 18 2023 - 08:16 PM
  •  

कान्हा की नगरी मथुरा में कान्हा से जुड़े कहानियां और किस्से ऐसे हैं जो कि रहस्यमय है। इनमें से एक कहानी वृन्दावन निधिवन की भी है। यहां जन-जन के आराध्य ठाकुर बाँकेबिहारी को संगीत साधना से स्वामी हरिदास जी ने प्रकट किया था। इस निधिवन के बारे में यह भी कहा जाता है कि हजारों सालों के बाद आज भी यहां भगवान श्री कृष्ण राधारानी और गोपियों के साथ रासलीला करते हैं।

वृन्दावन शहर के मध्य इस प्राचीन धार्मिक स्थल निधिवन को भक्तजन मधुवन के नाम से भी जानते हैं। यह मथुरा से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर वृन्दावन में यमुना के तट पर स्थित है। माना जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने शरद पूर्णिमा की रात में यहां गोपियों के साथ महारास किया था और तब से शरद पूर्णिमा की रात को यहां भगवान गोपियों के साथ आते हैं।

यहां मौजूद वन तुलसी के पौधे गोपियों का रूप ले लेते हैं। निधिवन के सेवायत भीकचन्द्र गोस्वामी ने बताया कि निधिवन के पेड़ों की भी विशेषता है। दुनियाभर में पेड़ जमीन से ऊपर की ओर होते हैं। लेकिन यहां के पेड़ ऊपर की ओर न होकर नीचे की ओर झुके रहते हैं। जो कि रात्रि के समय श्रीकृष्ण के साथ रासलीला करते हैं।

रासलीला सुबह होने तक होती है। इसके बाद गोपियां तुलसी के पौधे का रूप ले लेते हैं। स्थानीय ब्रजवासियों का कहना है कि शरद पूर्णिमा की रात इस घने वन में किसी का भी प्रवेश नहीं होता। शाम से ही निधिवन को पूरी तरह खाली करा दिया जाता है। कहा जाता है कि यदि कोई छिपकर रासलीला देखने की कोशिश करता है तो वह पागल हो जाता है। उसकी आखों की रोशनी चली जाती है और वह बोल भी नहीं पाता है। मन्दिर के गोस्वामी और आसपास के लोग इससे जुड़े कई किस्से सुनाते हैं। दावा किया जाता है कि यहां मौजूद पशु-पक्षी भी शाम को वन छोड़कर चले जाते हैं।