वृन्दावन से आगरा के बीच यमुना में चलेंगे क्रूज, जलमार्ग से यात्रा का लुत्फ उठाएंगे श्रद्धालु
मथुरा। अब यमुना में भी क्रूज का आनन्द ले सकेंगे। जी हां, अब वृंदावन और आगरा के बीच वाटर-वे बनाने का एलान हुआ है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वृंदावन से आगरा के बीच क्रूज के जरिए सफर किया जा सकेगा। केन्द्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मथुरा में यह ऐलान किया है.
केंद्रीय जहांजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल मथुरा के गोवर्धन में शंकराचार्य के आश्रम में शामिल होने आए थे। यहां शंकराचार्य अधोक्षजानंद देव तीर्थ की ओर से केन्द्रीय मंत्री सोनोवाल से पूछा गया कि वे उनका विभाग मथुरा-वृंदावन में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए क्या कर रहा है?
इस पर केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने मथुरा, वृंदावन और आगरा के बीच यमुना नदी में क्रूज चलाने की बात कही. उन्होंने कहा कि, क्रूज की वजह से आगरा आने वाला पर्यटक मथुरा-वृंदावन भी आएगा. वाटर-वे से पर्यटकों को अलग अनुभव मिलेगा साथ ही धार्मिक पर्यटन में बढ़ोतरी होगी.
साथ ही सोनोवाल ने कहा कि वृंदावन से आगरा के बीच वाटर-वे तैयार करने के संबंध में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी चर्चा की गई है। जल्द ही इस प्रोजेक्ट को शुरू किया जाएगा। जिससे यहां के पर्यटन में इजाफा देखने को मिलेगा। मंत्री सोनोवाल ने यहां पर चल रहे केंद्र के हर घर जल प्रोजेक्ट के बारे में अपने विभाग के अधिकारियों से जानकारी भी ली है।
उत्तर प्रदेश में मां गंगा में चलने वाले क्रूज से पर्यटन में काफी इजाफा देखा गया है। क्रूज शिव नगरी काशी से संगम (प्रयागराज) तक चलाया जा रहा है। क्रूज के जरिए धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों काशी, विंध्याचल और संगम तक का सफर किया जाता है। यूपी की योगी सरकार क्रूज के जरिए सफर को बढ़ावा दे रही है। देश-विदेश के आने वाले पर्यटकों के लिए सुविधा और अलग रोमांच के लिए क्रूज चलाए जा रहे।



