टेलीविजन धारावाहिक ‘महाभारत’ में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता सौरभ राज जैन।
वृंदावन के स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह के मंच पर उतरेंगे ‘महाभारत’ के श्रीकृष्ण
- 25 अक्टूबर को सौरभ राज जैन की नाट्य प्रस्तुति ‘मेरे कृष्ण’ में 20 दृश्यों के जरिए सामने आएंगे कान्हा के जीवन के विविध आयाम
- ब्रज रज उत्सव के अंतर्गत वृंदावन में पहली बार मंचित होंगे 23 से 27 अक्टूबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम
वृंदावन। टेलीविजन धारावाहिक ‘महाभारत’ में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता सौरभ राज जैन अब ब्रज रज उत्सव में अपनी नाट्य प्रस्तुति ‘मेरे कृष्ण’ के माध्यम से दर्शकों से रूबरू होंगे। 25 अक्टूबर को वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में होने वाली इस प्रस्तुति में वह भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को रंगमंच पर जीवंत करेंगे। ब्रजभूमि में पहली बार इस नाट्य प्रस्तुति का मंचन होने जा रहा है।
23 अक्टूबर से शुरू होने वाले ब्रज रज उत्सव में नाट य प्रस्तुति ‘मेरे कृष्ण’ प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, लीलाओं और दर्शन पर आधारित इस नाट्य प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में विशेष उत्साह रहने की उम्मीद है।
‘मेरे कृष्ण’ में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर महाभारत में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और द्वारका से जुड़े प्रसंगों तक की कथा को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें पूजा शर्मा राधा और महामाया की, जबकि अर्पित रांका कंस और दुर्योधन की भूमिका निभाएंगे। प्रस्तुति का निर्देशन राजीव सिंह दिनकर ने किया है। विवेक गुप्ता, राजीव सिंह दिनकर और विष्णु पाटिल इसके निर्माण से जुड़े हैं।
लगभग दो घंटे 45 मिनट की इस प्रस्तुति में करीब 20 जीवंत दृश्यों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के व्यक्तित्व के विविध आयाम सामने आएंगे। इसका उद्देश्य उनकी लीलाओं के मंचन के साथ उनके दर्शन और जीवन मूल्यों को भी दर्शकों तक पहुंचाना है। प्रेम, करुणा, कर्तव्य, नेतृत्व और आत्मबोध जैसे विषयों को कथा के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि ब्रज रज उत्सव में यह आयोजन धार्मिक आस्था, रंगमंच और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का अनूठा संगम होगा। उत्सव की सभी प्रस्तुतियों में दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा।
ब्रज रज उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सूची
- 23 अक्टूबर हेमा मालिनी — नृत्य नाटिका ‘गंगा’, स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह, वृंदावन
- 24 अक्टूबर ईशान मिश्रा — सूफी गायन, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
- 25 अक्टूबर सौरभ राज जैन — ‘मेरे कृष्ण’, स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह वृंदावन
- 25 अक्टूबर रसिक वैष्णव — ‘ब्रज रस’ भजन कॉन्सर्ट, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
- 26 अक्टूबर रासलीला-गीता शोध संस्थान — स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह वृंदावन
- 26 अक्टूबर रूट्स नादात्म बैंड — संगीत प्रस्तुति, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
- 27 अक्टूबर शिवानी मिश्रा — ‘कलर्स ऑफ यूपी’, स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह वृंदावन
- 27 अक्टूबर गजेंद्र प्रताप सिंह — भजन क्लविंग, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
- 28 अक्टूबर ईशिता विश्वकर्मा — भजन प्रस्तुति, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
- 29 अक्टूबर लखवीर सिंह लक्खा — भजन प्रस्तुति, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
- 30 अक्टूबर अतुल पंडित — सांस्कृतिक प्रस्तुति, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
- 31 अक्टूबर पद्मश्री रामदयाल — नौटंकी, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
- 1 नवंबर अभय विश्वकर्मा — म्यूजिकल बैंड, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
- 2 नवंबर बैक स्टेज सिवलिंग — संगीत प्रस्तुति, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड



