सर्दियों में बांकेबिहारी के भोग में अफगानी व ईरानी केसर

  • Thursday November 23 2023 - 11:41 AM
  •  

  • केसर युक्त दूध, दूधभात और हलुआ सेवायत करेंगे सेवित 
  • बिहार पंचमी से ठाकुरजी के सर्दी के भोगों में होगा बदलाव

वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी को अफगानी और ईरानी केसर के भोग सर्दियों में लगाए जाएंगे। मंदिर के सेवायतों द्वारा अपने लाड़ले बांकेबिहारी को शयन से पहले केसर का दूध, सुबह के समय केसर हलुआ और दोपहर को दूधभात का भोग लगाया जाएगा। शीत ऋतु का यह मेन्यू एक माह बाद बांकेबिहारी महाराज के प्राकट्योत्सव बिहार पंचमी से सेवित किया जाएगा। 

बांकेबिहारी मंदिर में सेवायत गोस्वामियों द्वारा इन दिनों सर्दी की रकम आने पर उन्हें सिर्फ सैमल की रुई की मखमली रजाई की सेवा शयन के समय की जा रही है। फिलहाल ठाकुर बांकेबिहारी के भोग में समौसा, पूड़ी, कचौड़ी, खुरमा, मठरी, मसाले की पूड़ी, सादा पूड़ी, दूधभात, सूजी और मेवाओं का हलुआ एवं शयन के पहले मीठा दूध भोग में सेवित किया जा रहा है। 17 दिसंबर से बिहारी पंचमी तिथि से सर्द ऋतु के भोग ठाकुरजी के सेवित किए जाएंगे, जिसमें केसर का दूध, केसर हलुआ और केसर का ही दूधभात बांकेबिहारी को सेवित किया जाएगा। 

बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि ठाकुरजी की रसोई या फिर ठाकुरजी के सेवक हरगुलालजी की हवेली से लाया गया प्रसाद बांकेबिहारी महाराज का लगाया जाता है। बाजार में बना प्रसाद ठाकुरजी को सेवित नहीं किया जाता है। खिचड़ी एवं टमाटर, बैंगन, मूली, गाजर की सब्जी के भोग नहीं लगाए जाते। 

ठाकुर बांकेबिहारी के सर्दियों की भोग सेवा में बिहार पंचमी तिथि से बदलाव हो जाएगा। ठाकुरजी को सेवित की जाने वाले पकवान केसर युक्त होंगे। कश्मीरी केसर की बजाय ठाकुरजी की सेवा में ईरानी और अफगानी केसर का प्रयोग किया जाता है, जोकि ठाकुरजी के श्रद्धालुओं द्वारा सेवायतों को उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि कश्मीरी केसर की तुलना में अफगानी और ईरानी केसर में अधिक गुणवत्ता होती है। इसलिए भक्तों के सहयोग से सर्दी में इसका प्रयोग ठाकुरजी के सेवित की जाती है।