वृंदावन : यमुना में बड़ा हादसा, पीपा पुल से टकराकर मोटरबोट पलटी; 10 श्रद्धालुओं की मौत

  • Saturday April 11 2026 - 06:05 PM
  •  

वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन में शुक्रवार को एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। केसीघाट और बंशीवट के बीच श्रद्धालुओं से भरी एक मोटरबोट यमुना नदी में बने पीपा पुल (पांटून पुल) से टकराकर पलट गई। इस हादसे में 6 महिलाओं समेत 10 लोगों की डूबने से मौत हो गई है, जबकि 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

लापरवाही बनी हादसे की वजह

लुधियाना, हिसार और मुक्तसर से करीब 130 श्रद्धालुओं का दल दो बसों में सवार होकर शुक्रवार सुबह वृंदावन पहुँचा था। इनमें से 37 श्रद्धालु एक मोटरबोट पर सवार होकर यमुना की सैर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नदी में पीपा पुल को हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान लापरवाही के चलते मोटरबोट पुल के हिस्से से टकरा गई और अनियंत्रित होकर लहरों में समा गई।

बचाव कार्य और प्रशासन की सक्रियता

बोट पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय गोताखोरों और पीएसी (PAC) के जवानों ने तुरंत यमुना में छलांग लगाकर 22 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायलों को इलाज के लिए वृंदावन के रामकृष्ण मिशन अस्पताल और मांट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। देर रात तक सेना, एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें लापता 5 लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाती रहीं।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को पीड़ितों की हर संभव मदद करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और डीआईजी शैलेश पांडेय ने भी मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया।

मृतकों की सूची (लुधियाना निवासी):

हादसे में जान गंवाने वाले अधिकांश लोग लुधियाना के रहने वाले थे। मृतकों में शामिल हैं:

 * आशा रानी (पत्नी अर्जुन मिड्ढा, भिवानी-हिसार निवासी)

 * पिंकी (पत्नी चरणजीत)

 * कविता (पत्नी विजय कुमार)

 * मीनू बंसल

 * अंजू (पत्नी राकेश गुलाटी)

 * चरणजीत

 * राकेश गुलाटी

 * मधुर बहल

 * ईशान कटारिया

 * सपना