मथुरा द्वारकाधीश मंदिर में सजा भव्य फूल बंगला
अनंत अंबानी के जन्मदिन पर मथुरा में उमड़ी भक्ति, द्वारकाधीश मंदिर में सजा भव्य फूल बंगला
मथुरा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के उत्तराधिकारी अनंत अंबानी के जन्मदिन पर ब्रजभूमि के सुप्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में भक्ति और भव्यता का अनूठा संगम देखने को मिला। वैशाख मास की कृष्ण पक्ष सप्तमी को ठाकुरजी के लिए एक विशेष फूल बंगला’ सजाया गया, जिसमें विराजमान होकर भगवान द्वारकाधीश ने अपने भक्तों को दर्शन दिए।
अंबानी परिवार की अटूट आस्था का प्रतीक
यह मनोरथ विशेष रूप से अनंत अंबानी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि गोस्वामी डॉ. वागीश कुमार ने अनंत अंबानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं और ठाकुरजी के प्रति अंबानी परिवार की गहरी श्रद्धा की सराहना भी की।
देशभर से आए फूलों से महका मंदिर परिसर
फूल बंगले की सजावट इतनी आकर्षक थी कि श्रद्धालु देखते ही रह गए। इस विशेष बंगले को तैयार करने के लिए विभिन्न शहरों से दुर्लभ और सुगंधित फूल’ मंगवाए गए थे। कुशल कारीगरों ने कई घंटों की मेहनत के बाद मंदिर को एक दिव्य स्वरूप दिया।
मुंबई से आए प्रतिनिधियों ने की दीर्घायु की कामना
अनंत अंबानी की ओर से मुंबई से आए प्रतिनिधि बल्लभ चतुर्वेदी ने मंदिर पहुंचकर ठाकुर द्वारकाधीश के दर्शन किए। उन्होंने भगवान के सम्मुख माथा टेका और अनंत अंबानी के स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना की। मंदिर प्रशासन की ओर से परंपरा अनुसार दुपट्टा ओढ़ाकर उनका भव्य स्वागत किया गया। ठाकुरजी के प्रति अंबानी परिवार का समर्पण सदैव सराहनीय रहता है। आज का यह फूल बंगला मनोरथ न केवल एक उत्सव है, बल्कि भक्ति का एक अद्भुत उदाहरण है।
श्रद्धालुओं का लगा तांता
इस अलौकिक दृश्य को अपनी आंखों में बसाने के लिए मथुरा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। फूलों के बीच ठाकुर जी की मनमोहक छवि देखकर भक्त भाव-विभोर हो गए और पूरे दिन मंदिर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।



