चेतेश्वर पुजारा ने भारतीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से लिया संन्यास, सोशल मीडिया पर लिखा भावुक पोस्ट

  • Monday August 25 2025 - 11:53 AM
  •  

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शुमार चेतेश्वर पुजारा ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के साथ ही क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। रविवार को एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुजारा ने अपने इस महत्वपूर्ण फैसले को साझा किया। उन्होंने अपने लंबे और शानदार क्रिकेट करियर को अलविदा कहते हुए कहा कि भारतीय जर्सी पहनना और देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात थी। पुजारा ने कहा कि इस अनुभव को शब्दों में बयां करना नामुमकिन है।

भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अनुभवी टेस्ट स्टार चेतेश्वर पुजारा को उनके शानदार करियर के लिए बधाई दी है। रविवार को पुजारा ने क्रिकेट के सारे फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। उन्होंने 103 टेस्ट मैचों में भारत के लिए 7195 रन बनाए। उनका औसत 43.60 था, जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल थे। पुजारा को उनके शानदार करियर के लिए याद रखा जाएगा खासकर ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी को जिताने में जो योगदान दिया वो सराहनीय है।

37 साल के बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2018-19 की उस ऐतिहासिक सीरीज का हिस्सा थे। 4 मैच में उनके बल्ले से 521 रन निकले और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. भारतीय टीम ने सीरीज अपने नाम कर ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर पर धूल चटाते हुए उसका घमंड तोड़ा था। इस दौरे पर कंगारू गेंदबाजों के बॉल को पुजारा ने शरीर पर खाया था। पूरे पूरे दिन लगभग मैदान पर चट्टान की तरह डटे रहे। उनका नाम इतिहास में एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में दर्ज हो गए हैं जो अपनी टीम के लिए सबसे मुश्किल परिस्थितियों में भी “गोलियां खाने” के लिए तैयार थे।

राजकोट के एक छोटे से शहर से निकलकर भारतीय टेस्ट टीम की रीढ़ बनने तक का सफर तय करने वाले पुजारा ने हमेशा अपने शांत स्वभाव और अडिग फोकस से खुद को अलग साबित किया। उनके करियर का एकमात्र लक्ष्य था भारतीय क्रिकेट के लिए समर्पण और योगदान। यही वजह थी कि वह टीम इंडिया के लिए एक अहम स्तंभ बनकर उभरे, खासतौर पर टेस्ट क्रिकेट में। उन्हें राहुल द्रविड़ के बाद भारत की दीवार कहा जाने लगा।

अपने रिटायरमेंट नोट में पुजारा ने लिखा, ‘राजकोट के एक छोटे शहर से निकलकर मैंने क्रिकेट के जरिए सितारों को छूने का सपना देखा था। यह खेल मुझे सिर्फ पहचान ही नहीं, बल्कि जिंदगी के कई अनमोल अनुभव, उद्देश्य और सच्चा प्यार भी दे गया। सबसे बड़ी बात, इसने मुझे अपने राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया।’ पुजारा का ये संदेश केवल एक विदाई नहीं थी, बल्कि उन सभी यादों, संघर्षों और उपलब्धियों का भावनात्मक पुनरावलोकन भी था जो उन्होंने पिछले दो दशकों में एक क्रिकेटर के तौर पर संजोईं। उन्होंने लिखा, ‘जर्सी पहनकर मैदान में उतरना, राष्ट्रगान गाना और हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ देना, ये सब कुछ मेरे लिए बेहद खास था।’ हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि हर सफर का एक पड़ाव होता है और अब उन्होंने इस सफर को यहीं विराम देने का फैसला लिया है।