मलखान सिंह हत्याकांड में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तेजवीर गुड्डू समेत 14 को उम्रकैद

  • Monday January 30 2023 - 11:21 PM
  •  

अलीगढ़। बहुचर्चित मलखान सिंह हत्याकांड में बुलंदशहर जिला जज न्यायालय ने अलीगढ़ के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तेजवीर सिंह गुड्डू समेत 14 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। एक अन्य को भगोड़ा घोषित किया है। साथ ही मुख्य आरोपी तेजवीर सिंह उर्फ गुड्डू पर 1.50 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।

30 मार्च 2006 को हुई थी पूर्व विधायक की हत्या

यूपी के जिला अलीगढ़ से कद्दावर नेता व विधानसभा इगलास के पूर्व विधायक मलखान सिंह और उनके अंगरक्षक की हत्या 30 मार्च 2006 को हत्या कर दी गई थी। जिसका मुकदमा उनके भाई दलवीर सिंह की ओर से दर्ज कराया गया और मुकदमे में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तेजवीर सिंह गुड्डू सहित 18 आरोपी बनाए गए।  जिस मामले में सोमवार को बुलंदशहर सत्र न्यायाधीश पंकज सिंह की अदालत ने 14 आरोपियों को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। फैसले के दौरान कोर्ट में 14 अभियुक्त मौजूद थे। जबकि, एक आरोपी सोनू उपस्थित नहीं हुआ। उसे फरार घोषित करते हुए उसकी पत्रावली पृथक कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला?

मलखान सिंह अलीगढ़ की इगलास विधानसभा से आरएलडी विधायक थे। 30 मार्च 2006 की शाम 5 बजे पूर्व विधायक मलखान सिंह व उनके गनर की उनके आवास के बाहर हत्या कर दी गई थी। राजनीतिक वर्चस्व को लेकर आरएलडी विधायक मलखान सिंह और उनके अंगरक्षक को मौत के घाट उतार दिया गया था। पुलिस विवेचना में हत्या व हत्या की साजिश में तेजवीर सिंह गुड्डू सहित कुल 18 आरोपियों पर चार्जशीट दायर हुई थी। दो अभियुक्तों की मुकद्मे के दौरान मौत हो गई थी। एक अभियुक्त फरार चल रहा था।

बुलंदशहर जिला जज न्यायालय ने मामले में 15 अभियुक्तों को दोषी करार दिया था। कोर्ट के इस फैसले के बारे में वादी पक्ष के वकील राजेन्द्र प्रसाद शर्मा ने बताया कि इस हत्याकांड में 15 लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है, जिसमें मुख्य आरोपी तेजबीर उर्फ गुड्डू हैं, जिस पर एक लाख पचास हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। 

मुकदमे की पैरवी के दौरान मुख्य आरोपी तेजवीर उर्फ गुड्डू के द्वारा फर्जी एलीबाई की खबर झूठी पाई गई इसलिए उन पर अलग से मुकदमा पंजीकृत किया गया है, जिसका मुकदमा अभी चल रहा है। ये घटना 2004 में हुई थी जिसमें 15 लोग आरोपी थे। इस मामले में मलखान सिंह की हत्या हुई थी और उनके साले गोली लगने से घायल हो गए थे। वहीं पूर्व विधायक के एक गनर की भी गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि दूसरे गनर सतबीर को गोली लगी थी।