रात के अंधेरे में राजकीय बाल गृह से भागी किशोरियां, वृंदावन से पैदल मथुरा जंक्शन पहुंचीं

  • Wednesday January 28 2026 - 02:35 AM
  •  

  • ढाई घंटे पैदल चलकर दो किशोरियों ने परिजनों को किया फोन कॉल

वृंदावन। चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) से भागी पांच किशोरियों में से दो किशोरियां भागने के बाद बदहवास हो गईं। घबराहट में वे किसी वाहन का इंतजार करने के बजाय रात के अंधेरे में पैदल ही वृंदावन से मथुरा जंक्शन की ओर चल पड़ीं। लगभग ढाई घंटे पैदल चलने के बाद जब दोनों किशोरियां रेलवे स्टेशन पहुंचीं, तब उन्होंने परिजनों को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। किशोरियों की बात सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद परिजनों ने दोबारा संपर्क कर उन्हें कहीं न जाने और सीधे घर पहुंचने की सलाह दी। साथ ही परिजनों ने पुलिस को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।

चैतन्य विहार स्थित महिला आश्रय सदन की इमारत में संचालित राजकीय बाल गृह (बालिका) से भागी पांच किशोरियों में से नौहझील थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी और महावन थाना क्षेत्र की 14 वर्षीय किशोरी रात में पैसे न होने और अनजान वाहनों के डर से पैदल ही मथुरा की ओर चल पड़ीं। दोनों किशोरियां लगभग ढाई घंटे पैदल चलकर मथुरा जंक्शन पहुंचीं। स्टेशन पर उन्होंने एक यात्री को रोककर उसके मोबाइल से नौहझील स्थित अपने घर पर भाई को फोन किया।

किशोरी ने रोते हुए परिजनों को बताया कि वह राजकीय बाल गृह से भागकर मथुरा रेलवे जंक्शन पहुंच गई है और उसे बहुत डर लग रहा है। यह सुनकर परिजन भी हैरान रह गए। उन्होंने किशोरी को इधर-उधर न जाने और किसी वाहन से सीधे घर आने को कहा। किशोरी ने बताया कि उसके पास किराए के लिए पैसे नहीं हैं। इस पर परिजनों ने कहा कि गाड़ी वाले को पैसे घर पहुंचने पर दे दिए जाएंगे और उसे वहीं से घर आने के लिए समझाया। इसके बाद किशोरी पैदल ही मथुरा रेलवे जंक्शन से नए बस स्टेशन पहुंची और वहां से घर पहुंच गई। इसी तरह महावन की किशोरी भी अपने घर सुरक्षित पहुंच गई।

पुलिस को सूचना देने में आई दिक्कत

किशोरी के परिजनों ने बताया कि जैसे ही उन्हें राजकीय बाल गृह (बालिका) से किशोरी के भागने की जानकारी मिली, उन्होंने वृंदावन पुलिस को फोन कर सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन जब फोन नहीं उठा तो नौहझील थाने को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और बालिकाओं की तलाश शुरू की।

मंगलवार को परिजनों को सौंपी जानी थीं दो बालिकाएं

चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) में वर्तमान में 98 बालिकाएं और किशोरियां विभिन्न थाना क्षेत्रों की रह रही हैं। इनमें मथुरा के महावन और नौहझील थाना क्षेत्र की दो किशोरियां तथा दिल्ली की एक किशोरी मथुरा की बाल कल्याण समिति के आदेश पर यहां रखी गई थीं। महावन और नौहझील की किशोरियों को मंगलवार को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाना था।

डीपीओ विकास चंद्र ने बताया कि आगरा और अलीगढ़ की किशोरियां वहां की बाल कल्याण समिति के आदेश पर यहां रखी गई थीं। दिल्ली की किशोरी को निराश्रित होने के कारण राजकीय बाल गृह (बालिका) में लाया गया था। शेष तीन किशोरियां अपने-अपने घरों से भागकर आई थीं, जिन्हें न्यायालय की सुनवाई तक यहां सुरक्षित रखा गया था। मथुरा के महावन और नौहझील थाना क्षेत्र की किशोरियों को मंगलवार को ही उनके परिजनों को सौंपा जाना था, लेकिन उससे पहले ही वे भाग गईं।

दिल्ली की 16 वर्षीय किशोरी ने बनाया भागने का प्लान

  • चार किशोरियों को किया तैयार

 राजकीय बाल गृह (बालिका) से भागी पांचों किशोरियां दो कमरों में रह रही थीं। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली की 16 वर्षीय किशोरी ने एक दिन पहले ही बाल गृह की छत पर चढ़ने के लिए सीढ़ियों की चाबी अपने कब्जे में ले ली थी।

उसी किशोरी ने चार अन्य किशोरियों को अपने साथ बाल गृह से भगाने की योजना तैयार की। उसने अन्य किशोरियों को यह कहकर तैयार किया कि यहां से घर जाना मुश्किल है और उन्हें लंबे समय तक यहां रखा जाएगा। इन बातों में आकर चारों किशोरियां भी उसके साथ भागने को तैयार हो गईं और फिर छत के रास्ते फरार हो गईं। नौहझील की किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दिल्ली की किशोरी की बातों में आकर भागी थी और पूरा प्लान उसी ने एक दिन पहले तैयार किया था।

दो किशोरियां परिजनों को सौंपी गईं, तीसरी को लेने से परिजनों ने किया इनकार

राजकीय बाल गृह (बालिका) से भागी किशोरियों में से तीन किशोरियां पुलिस को सकुशल मिल गईं। इनमें से महावन और नौहझील थाना क्षेत्र की दो किशोरियों को उनके परिजनों के संरक्षण में भेज दिया गया है। पुलिस ने अलीगढ़ की किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द करने के लिए संपर्क किया, लेकिन परिजनों ने उसे लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद किशोरी को पुनः सुरक्षित राजकीय बाल गृह (बालिका) में रखा गया है।

डीपीओ विकास चंद्र ने बताया कि सकुशल बरामद हुई मथुरा के महावन और नौहझील थाना क्षेत्र की किशोरियों को उनके परिजनों के पास भेज दिया गया है। विधिक प्रक्रिया के दौरान उन्हें पुनः बुलाया जाएगा। वहीं अलीगढ़ की किशोरी के परिजनों ने बताया कि वह पहले भी दो बार घर से भाग चुकी है, इसलिए वे उसे स्वीकार नहीं करना चाहते। हालांकि पुलिस परिजनों से लगातार संपर्क कर रही है।