लापता NEET छात्र की तलाश में वृंदावन पहुंचा मेरठ का परिवार, संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर हंगामा

  • Tuesday October 06 2026 - 01:56 AM
  •  

संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में दर्शन करने गया 20 वर्षीय प्रिंस मई 2024 से लापता; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

वृंदावन। संत प्रेमानंद महाराज के श्री हित राधा केलि कुंज आश्रम से दर्शन के दौरान लापता हुए मेरठ निवासी युवक की तलाश में सोमवार को पहुंचा पीड़ित परिवार आश्रम के बाहर रोता-बिलखता दिखा। इस दौरान स्थानीय लोगों और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिससे मौके पर करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा।

NEET में 560 अंक लाने वाला छात्र आश्रम के अंदर से नहीं लौटा

मेरठ की इंद्रपुरम कॉलोनी (परतापुर) निवासी नेत्रपाल सिंह अपने परिवार के साथ 9 मई 2024 को वृंदावन आए थे। उनके 20 वर्षीय बड़े बेटे प्रिंस ने 5 मई 2024 को NEET की परीक्षा दी थी, जिसमें उसने 560 अंक प्राप्त किए थे। 10 मई की सुबह करीब 6 बजे प्रिंस संत प्रेमानंद महाराज से 'एकांतिक वार्तालाप' का टोकन लेकर आश्रम के भीतर गया था, लेकिन इसके बाद वह वापस बाहर नहीं निकला।

परिवार का कहना है कि उन्होंने घंटों बाहर इंतजार किया और आश्रम के साधुओं व सेवादारों से पूछताछ की, लेकिन कोई सही जानकारी नहीं मिली। बाद में पुलिस की सलाह पर वृंदावन कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

आश्रम के बाहर नोकझोंक और हंगामा

सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे जब पीड़ित परिवार बेटे की तलाश में दोबारा आश्रम पहुंचा, तो वहां मौजूद स्थानीय लोगों से उनकी बहस हो गई। लोगों का आरोप था कि घटना के लंबे समय बाद आकर पूछताछ करने से संत प्रेमानंद की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वहां वीडियोग्राफी कर रहे एक युवक को हिरासत में लिया, जिसे बाद में माफीनामा लिखवाकर छोड़ दिया गया।

CCTV में बाबा के साथ जाता दिखा युवक

परिजनों ने मीडिया के सामने एक सीसीटीवी फुटेज की फोटो प्रस्तुत की, जिसमें प्रिंस एक साधु (बाबा) के साथ जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पिता नेत्रपाल सिंह का आरोप है कि आश्रम प्रबंधन लगातार टालमटोल कर रहा है। उन्होंने कहा, "अगर बच्चा अपनी मर्जी से भी आश्रम में रुका है, तो कम से कम एक बार परिवार से उसकी बात कराई जाए।"

पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

गुमशुदगी दर्ज होने के बावजूद पुलिस की जांच में कोई प्रगति न होने से परेशान पीड़ित परिवार ने सरकार और उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों का कहना है कि प्रिंस के लापता होने के बाद से उसकी बहन सदमे में है और उसकी तबीयत काफी खराब हो चुकी है। हाल ही में रसिक दुलारी शरण मामले और सादाबाद के अनुज के मिलने की खबर के बाद कई लोग अपनों की तलाश में वृंदावन रुख कर रहे हैं।

सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।