Yamuna Expressway Accident
Yamuna Expressway Accident: जिंदा जल गए 13 लोग, 100 से ज्यादा की टूटी हड्डियां
मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर घने कोहरे में रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। माइलस्टोन 127 पर तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें से कई की हाथ, पैर, सिर और कंधे की हड्डियां टूट गईं। बसों में लगी आग से लोग बाहर नहीं निकल पाए क्योंकि आपातकालीन खिड़कियां बेहद छोटी और ऊंचाई पर थीं।
घने कोहरे में दृश्यता शून्य, सुबह 3:45 बजे शुरू हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तड़के करीब पौने चार बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरा इतना घना था कि दृश्यता लगभग शून्य हो चुकी थी। इसी दौरान सबसे पहले एक अर्टिगा कार आगे चल रही स्विफ्ट डिजायर से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों कारों के चालक सड़क पर ही रुक गए और आपस में बहस करने लगे। इसी बीच पीछे से आ रही तीसरी ब्रेजा कार भी इनसे टकरा गई।
बहस बन गई भीषण हादसे की वजह
दो कारों की टक्कर के बाद चालक आपस में बहस कर रहे थे। इसी दौरान एक टेंपो ट्रैवलर भी आकर टकरा गया। इसके बाद एक के बाद एक बसें टकराती चली गईं और देखते ही देखते हादसा भीषण रूप ले गया।
आग लगी और मच गई अफरा-तफरी
वाहनों की भिड़ंत के बाद अचानक आग लग गई। आग लगते ही लोग जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन बसों में फंसे यात्रियों के लिए बाहर निकलना आसान नहीं था। बसों में छोटी और ऊंचाई पर बनी आपातकालीन खिड़कियां थीं। यात्री उनका इस्तेमाल नहीं कर पाए। आग तेजी से फैलती चली गई। इसी आग में 13 लोग जिंदा जल गए।
100 से ज्यादा घायल, कई की हड्डियां टूटी
हादसे में 100 से अधिक लोग घायल हुए। अधिकतर को सिर, हाथ, पैर और कंधे में गंभीर चोटें आईं। करीब 100 लोगों की हड्डियां टूट गईं। आग और टक्कर की वजह से लोग संभल तक नहीं पाए। खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्री निकाले गए। बसों में लगी आग के कारण धुआं भर गया। यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़की से निकलने की कोशिश की। खिड़की छोटी और ऊंची होने की वजह से बाहर नहीं निकल पाए। आखिरकार खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एडीजी आगरा जोन का बयान
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एडीजी आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बताया कि हादसा तड़के 4:30 बजे हुआ। उन्होंने कहा- “दो लोगों की आपसी बहस इस भीषण हादसे की वजह बनी। सूचना मिलते ही पुलिस की तीन पीआरवी 6, 9 और 13 मिनट में मौके पर पहुंच गई थीं। इसके बाद एसएचओ और दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और रेस्क्यू शुरू किया गया।”
सात स्लीपर बसें, 400 से ज्यादा यात्री
हादसे में कुल- एक रोडवेज बस (आंबेडकर नगर डिपो) सात डबल डेकर स्लीपर बसें, एक ब्रेजा कार आग की चपेट में आ गईं। इन बसों में करीब 400 से अधिक यात्री सवार थे। बसें पूरी तरह भरी थीं। यात्रियों का सामान भी अंदर रखा था। तड़के का समय होने के कारण ज्यादातर यात्री सो रहे थे।
70 मीटर तक फैली आग
हादसे के दौरान वाहनों में लगी आग इतनी भीषण थी कि- एक्सप्रेस-वे पर करीब 70 मीटर तक आग फैल गई। 10 मीटर के दायरे में सब कुछ जलकर राख हो गया। कार और बसें पूरी तरह धू-धूकर जलती रहीं।
पांच घंटे बंद रही एक्सप्रेस-वे की एक लाइन
हादसे के बाद आगरा से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन को करीब पांच घंटे के लिए बंद कर दिया गया। यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन किया। वाहनों को नौहझील और अन्य मार्गों से निकाला गया। पांच घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद क्षतिग्रस्त वाहन हटाए गए। सुबह 4:30 बजे से 8:30 बजे तक लगातार राहत और बचाव कार्य चलता रहा।
तीन जिलों से पहुंची बचाव टीमें
मथुरा समेत तीन जिलों से बचाव दल मौके पर पहुंचे। पुलिस बल ने बिखरा सामान एक जगह इकट्ठा कराया। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया
कोहरे में रफ्तार बनी जानलेवा
सड़क हादसों के आंकड़े बताते हैं कि- 2012 से 2023 के बीच केवल यमुना एक्सप्रेस-वे पर घने कोहरे के कारण 338 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इनमें 75 लोगों की मौत 665 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए। अगर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे और नेशनल हाईवे के आंकड़े जोड़ दिए जाएं तो स्थिति और भयावह हो जाती है।
कानून क्या कहता है?
वरिष्ठ अधिवक्ता केसी जैन के अनुसार, मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 में प्रावधान है कि- “राज्य सरकार सुरक्षा और सुविधा के लिए सड़क पर आवागमन को नियंत्रित या अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर सकती है।” उन्होंने कहा कि घने कोहरे और शून्य दृश्यता की स्थिति में आवागमन बंद किया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



