वृंदावन के संत राघवेंद्र आचार्य ने सपा प्रमुख पर लगाया आरोप, 2027 चुनाव को लेकर दी चेतावनी

  • Friday January 23 2026 - 12:45 AM
  •  

वृंदावन। मोहिनी नगर निवासी संत राघवेंद्र आचार्य महाराज ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संत ने दावा किया कि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में जीत के लिए वृंदावन में 90 दिनों तक हवन और यज्ञ कराया गया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद सपा नेतृत्व ने अपने संकल्प पूरे नहीं किए।

90 दिन चला हवन, 108 ब्राह्मणों ने किया पूजन

संत राघवेंद्र आचार्य महाराज ने बताया कि वर्ष 2011 में 15 मई से अगस्त तक 90 दिनों तक वृंदावन में यज्ञ एवं हवन कराया गया था। इस दौरान 108 ब्राह्मणों ने नियमित रूप से पूजन-पाठ किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस धार्मिक अनुष्ठान में लगभग 16 लाख रुपये का खर्च आया, लेकिन आज तक आचार्यों की दक्षिणा का भुगतान नहीं किया गया।

महाविद्यालय और मंदिर स्थापना का संकल्प अधूरा

संत का कहना है कि तत्कालीन सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और उनके पुत्र अखिलेश यादव ने संकल्प लिया था कि विधानसभा चुनाव में जीत के बाद वृंदावन में यदुवंश गोलोक हिंदी संस्कृत महाविद्यालय और महालक्ष्मी दशावतार मंदिर की स्थापना कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि 2012 में सपा सरकार बनने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा कई बार आश्वासन दिया गया और मंत्रियों के माध्यम से पत्र भी भेजे गए, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

224 सीटों से जीत के बाद भी नहीं निभाया वादा

संत राघवेंद्र आचार्य महाराज ने कहा कि 2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 224 सीटों से जीत मिली, इसके बावजूद न तो संकल्प पूरे किए गए और न ही यज्ञ में शामिल आचार्यों की दक्षिणा दी गई। उन्होंने इसे संत समाज के साथ अन्याय बताया।

2027 चुनाव को लेकर दी चेतावनी

संत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने अपने संकल्प पूरे नहीं किए और आचार्यों की दक्षिणा का भुगतान नहीं किया, तो 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि संतों का अपमान और वादों की अनदेखी करने वालों का सत्ता में आना असंभव है।