18 करोड़ के स्वर्ण जड़ित हिंडोले में हरियाली तीज पर दर्शन देंगे ठा. बाँकेबिहारी महाराज

  • Friday July 29 2022 - 10:35 AM
  •  

वृन्दावन। सुप्रसिद्ध बाँकेबिहारी मन्दिर में हरियाली तीज यानि 31 जुलाई को सोने, चांदी से जड़े हिंडोले यानि झूले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। वर्ष में एक बार होने वाले ठाकुरजी के विशेष दर्शनों के लिए भक्तों मन्दिर प्रबंधन एवं सेवायत गोस्वामी तैयारियों में लगे हैं। जिस हिंडोले में जन-जन के आराध्य ठाकुर बाँकेबिहारी महाराज विराजते हैं, वह कई विशेषताओ को समेटे हैं। तो आईए हम आपको बताते हैं ठाकुर बाँकेबिहारी महाराज के सोने-चांदी  से जड़े हिंडोले के बारे में- 

ठा.बाँकेबिहारी मन्दिर में देश की आजादी के दिन यानि 15 अगस्त 1947 को ठाकुर बाँकेबिहारी ने पहली बार सोने-चांदी से जड़ि़त हिंडोले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए थे। तभी से हरियाली तीज के दिन बांकेबिहारी निरंतर भक्तों को इस विशेष हिंडोले में दर्शन देते हैंं और इस आयोजन ने परम्परा का रूप ले लिया। 

इस हिंडोले का निर्माण ठा. बाँँकेबिहारी के अनन्य भक्त सेठ हरगूलाल बेरीवाला ने सात दशक पहले कराया था। इसमें 2200 तोला सोना और एक लाख तोला चांदी का प्रयोग किया गया था। वर्तमान में यदि सोने और चांदी की कीमत आंकी जाए तो हिंडोले में लगे सोने की कीमत करीब 12 करोड और चांदी की कीमत करीब 6 करोड़़ रूपए हैं। इसके अलावा इस हिंडोले के निर्माण में प्रयोग की गई शीशम की लकड़़ी नेपाल के टनकपुर के जंगल से लाई खरीद कर लाई गई थीं।  इस हिंडोले को बाँकेबिहारी के बगीचा में बनारस के कारीगर लल्लन भाई और उसके साथियों के द्वारा बनाया गया था। लकड़ी के हिंडोले पर चांदी की परत चढाने के बाद सोने का आकर्षक जडाव किया गया। सोने चांदी से कारीगरों ने आकर्षक कलाकृति बनाई गई। जिसे देखने से बृज का अहसास होता है।  आज से सात दशक पहले हिंडोले के निर्माण में करीब 30 लाख रूपए की लागत आई थी। 

इस संबंध में हिंडोले के निर्माता एवं बाँकेबिहारी महाराज के परम भक्त हरगुलाल बेरीवाला के पुत्र राधेश्याम बेरीवाला  का कहना है कि यह हिंडोला 70 साल से ज्यादा पुराना होने के बावजूद आधुनिकता भी समेटे हैं। उन्होंने बताया कि इस हिंडोले के 125 भाग हैं। जिन्हें करीब पांच घंटे में 20 से 25 कारीगरों के द्वारा जोड़ा जाता है तब जाकर हिंडोला तैयार होता है। इसकी लंबाई 30 फुट और चौड़ाई सात फुट है। हिंडोले के एक भाग का वजन 500 ग्राम से लेकर 250 किलो तक है। 

ठाकुर बाँकेबिहारी मंदिर में यह विशेष हिंडोले पर ठाकुर बाँकेबिहारी महाराज वर्ष में तीन बार विराजमान होते हैं। इन विशेष पर्वों में हरियाली तीज, होली और शरदपूर्णिमा शामिल हैं। तो इस बार 31 जुलाई को शरदपूर्णिमा के दिन ठाकुरजी सोने चांदी से जड़े हिंडोले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे।