ठा. राधारमण लाल ने ग्वाल-वालों के साथ पाए खिचड़ी भोग के आनंद

  • Friday December 17 2021 - 10:01 AM
  •  

  • अचार, पापड़, मुरब्बा, फल, भाजा, भूना, सूखी मेवाएं सहित किया खिचड़ी भोग अर्पित 
  • ठाकुर जी तपिश प्रदान करने के लिए चांदी की अंगीठी भी सन्मुख रखी 

वृन्दावन । व्यंजन द्वादशी एवं धर्नु संक्रान्ति के अवसर पर शीतकालीन सेवा महोत्सव के अन्तर्गत श्रीराधारमण लाल का खिचड़ी महोत्सव आयोजित किया गया, महोत्सव के अन्तर्गत ठा. राधारमण लाल को अचार, पापड़, मुरब्बा, फल, भाजा, भूना, सूखी मेवाएं सहित विविध मेवाओं से युक्त खिचड़ी भोग अर्पित किया गया। खिचड़ी महोत्सव की अद्भुत छटा को देखकर भक्त एवं श्रद्धालु आनंदित हो रहे थे।

शीतलहर से बचाव हेतु कच्चे कोयला में अग्नि प्रज्जवलित करके चांदी की अंगीठी द्वारा ठा. राधारमण लाल को तपिश निवेदित की गई एवं समय-समय पर हिना, केसर एवं गुलाब की मालिश भी की गई।       

श्रीरूप गोस्वामी पाद के भक्ति रसामृत सिन्धु के अनुसार द्वादश रस निकुंजों के अन्तर्गत ठा. राधारमण लाल अपनी प्रियाजू संग अद्भुत भक्ति रस निकुंज में विराजकर भक्तों को दर्शन दिए, शीत ऋतु के रूप में लाल रंग की मखमली जैकेट सहित पीले रंग की पोशाक एवं नूतन आभूषण धारण किए ठा. राधारमण लाल अपनी प्रियाजू संग विराज रहे थे, ठाकुर जी की शीत ऋतु की नयनाभिराम झांकी सभी भक्तों को मनमोहित कर रही थी, अपलक नेत्रों को ठा. राधारमण लाल एवं प्रियाजू का दीदार भक्त एवं श्रद्धालु कर रहे थे। 

खिचड़ी महोत्सव की जानकारी देते हुए आध्यात्मिक गुरू आचार्य श्रीवत्स गोस्वामी ने बताया कि व्यंजन द्वादशी के दिवस से ही खिचड़ी महोत्सव प्रारम्भ होता हैं, ’’छप्पन भोग छत्तीसौ व्यंजन’’ किन्तु उनमें प्रभु को सर्वप्रिय खिचड़ी ही भोग है। खिचड़ी की महिमा अपरम्पार है। खिचड़ी चावल और दाल के मिश्रण से होती है और उसका आध्यात्मिक रूप यह है कि अन्न जो है वह ब्रहम है ’’अन्नं ब्रम्हैत विजयानि जात्’’ तो वह अखण्ड चावल और खंडित दाल। खंडित दाल जो जीवात्मा हैं, अन्न स्वरूप परमात्मा हैं, दोनों का भक्ति के द्वारा एकाकार होना ही वह भक्ति की और भक्ति साधना की चरम उपलब्धि है। उसी आध्यात्मिक भाव से इस खिचड़ी महोत्सव का संपादन किया जाता है।              

इस अवसर पर वेणुगोपाल गोस्वामी, अभिनव गोस्वामी, सुवर्ण गोस्वामी आदि उपस्थित थे।