यमुुना एक्सप्रेसवे पर आज से रफ्तार पर लगाम, जानें क्या है अधिकतम स्पीड लिमिट
नोएडा। सर्दियों में कोहरे की वजह से यमुना एक्सप्रेसवे पर बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए 15 दिसंबर से 15 फ़रवरी तक गाड़ियों की रफ़्तार कम कर दी गई है। अभी तक 100 किमी/घंटे की रफ़्तार से चलने वाली छोटी गाड़ियां गुरुवार से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी। जबकि भारी और बड़े वाहनों की अधिकतम रफ़्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। स्पीड लिमिट को तोड़ने पर जुर्माना भी लगाया जाने का प्रावधान है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक 15 दिसंबर से 15 फरवरी के बीच हर साल यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों में इजाफा होता है, जिसका मुख्य कारण तेज रफ़्तार और कोहरा है। अक्सर तेज रफ्तार की वजह से गाड़ियां किनारे खड़ी दूसरी गाड़ियों से टकरा जाती है। हालांकि एक्सप्रेसवे पर स्पीड कैमरे लगे हैं, लेकिन बावजूद इसके रफ्तार पर लगाम नहीं लग पाती है। लिहाजा यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी ने स्पीड लिमिट को कम करने का फैसला लिया है।
स्पीड अधिक होने पर भरना होगा जुर्माना
अभी यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों के लिए तय स्पीड 100 किमी/घंटे है. 15 दिसंबर से छोटे वाहनों के लिए अधिकतम स्पीड लिमिट 80 किमी/घंटे और भारी वाहनों के लिए 60 किमी/घंटे रहेगी। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि भारी वाहन की गति तेज होने की वजह से उन्हें अचानक से रुकने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जो कोई भी इस स्पीड लिमिट का पालन नहीं करेगा, उसपर जुर्माना लगाया जाएगा।



