मस्कट से लौटे भारतीयों ने ली राहत की सांस, दुबई और अबू धाबी से उड़ानें फिर शुरू

  • Wednesday March 04 2026 - 06:54 PM
  •  

नई दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़े तनाव के बीच ओमान की राजधानी मस्कट से भारतीय नागरिक सुरक्षित अपने वतन लौट आए। मंगलवार को भारत पहुंचे यात्रियों ने घर वापसी पर राहत की सांस ली और संकट के दौरान अधिकारियों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।

इजरायल और अमेरिका के हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद क्षेत्र में हालात और तनावपूर्ण हो गए। इसके बाद ईरान ने उन देशों को निशाना बनाते हुए मिसाइल हमले शुरू किए, जहां अमेरिका के सैन्य अड्डे मौजूद हैं। इसी क्रम में दुबई, बहरीन, कुवैत समेत कई स्थानों पर हमलों की खबरों से आम नागरिकों में दहशत फैल गई।

मस्कट से दिल्ली पहुंचे कई यात्रियों ने बताया, “मिसाइलों को रोका जा रहा था और डर के कारण हमने वापस लौटने का फैसला किया। सरकार ने स्थिति को काफी अच्छे से संभाला। हमारे साथ बच्चे थे, इसलिए हम बेहद चिंतित थे। मिसाइल रोधी प्रणाली की आवाजें बहुत तेज थीं, जिससे बच्चों को परेशानी हो रही थी।”

एक अन्य यात्री ने कहा, “हमें वहां पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा था। मिसाइल रोधी प्रणाली प्रभावी ढंग से काम कर रही थी, लेकिन बच्चों के साथ जोखिम लेना ठीक नहीं लगा। इसलिए हमने भारत लौटना बेहतर समझा। अब हम राहत महसूस कर रहे हैं।”

यात्री आदिल ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, “काफी अनिश्चितता थी। कई उड़ानें रद्द हो गई थीं, जिससे फ्लाइट छूटने का डर था। हमने भारतीय दूतावास से संपर्क किया। भारत लौटने के बाद बहुत राहत और खुशी महसूस हो रही है। शुरुआत में उड़ानें निलंबित थीं, लेकिन अब सेवाएं बहाल हो गई हैं और यात्रा सुगम रही।”

ईरान के ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद क्षेत्र के कुछ हवाई अड्डों पर संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। संयुक्त अरब अमीरात में फंसे हजारों भारतीयों को उड़ानों के रद्द होने और हवाई क्षेत्र बंद होने से परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि अब दुबई और अबू धाबी से कई उड़ानों का संचालन फिर से शुरू हो गया है। कई दिनों के निलंबन के बाद सोमवार रात विमान दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु पहुंचे। दुबई एयरपोर्ट प्रशासन ने आंशिक रूप से परिचालन बहाल होने की पुष्टि करते हुए यात्रियों को सलाह दी है कि एयरलाइन से प्रस्थान की पुष्टि मिलने के बाद ही हवाई अड्डे के लिए रवाना हों। उड़ान सेवाओं की बहाली से फंसे यात्रियों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है, जो सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे थे।