Bihar Election 2025: बिहार में दो चरणों में विधानसभा चुनाव, 6 और 11 नवंबर को मतदान, 14 नवंबर को मतगणना

  • Monday October 06 2025 - 11:00 PM
  •  

पटना। बिहार में इस बार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

चुनाव आयोग ने सोमवार को इस संबंध में विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा की। राज्यभर में 90,712 मतदान केंद्र (बूथ) बनाए गए हैं, जिनमें 203 सामान्य सीटें, 38 अनुसूचित जाति (SC) और दो अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की प्रमुख तिथियाँ

 पहला चरण

नोटिफिकेशन जारी: 10 अक्टूबर

नामांकन की आखिरी तारीख: 17 अक्टूबर

नामांकन पत्रों की जांच: 18 अक्टूबर

नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख: 20 अक्टूबर

मतदान की तारीख: 6 नवंबर

दूसरा चरण

नोटिफिकेशन जारी: 13 अक्टूबर

नामांकन की आखिरी तारीख: 20 अक्टूबर

नामांकन पत्रों की जांच: 21 अक्टूबर

नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख: 23 अक्टूबर

मतदान की तारीख: 11 नवंबर

मतगणना: 14 नवंबर 2025

बिहार में मतदाताओं की संख्या

राज्य में इस बार कुल 7 लाख 42 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3,92,000 पुरुष मतदाता, 3,50,000 महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, 14 लाख नए युवा मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। हर मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाताओं की सीमा तय की गई है ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

पारदर्शिता के लिए चुनाव आयोग की बड़ी तैयारी

चुनाव आयोग ने 243 विधानसभा सीटों पर 243 ऑब्जर्वर और 38 जिलों के लिए 38 पुलिस ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि आयोग इस बार पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कई नई पहलें लागू कर रहा है।

बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधा

चुनाव आयोग ने बताया कि बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए ग्राउंड फ्लोर बूथ, व्हीलचेयर, और रैंप की अनिवार्य व्यवस्था की गई है। साथ ही, मतदान केंद्र के बाहर मोबाइल फोन जमा करने की व्यवस्था भी होगी ताकि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष और बाधारहित हो सके।

मतदाता सूची का शुद्धीकरण: 22 साल बाद बड़ा बदलाव

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा  “बिहार की पावन भूमि पर पांच वर्षों बाद फिर लोकतंत्र का महापर्व आ रहा है। 22 वर्षों बाद पहली बार राज्य की मतदाता सूची का व्यापक शुद्धीकरण किया गया है। यह अब पूरे देश के लिए एक मॉडल बनेगा।” उन्होंने बताया कि जून 2025 से एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची का सत्यापन शुरू हुआ,

1 अगस्त को ड्राफ्ट लिस्ट प्रकाशित की गई,

1 सितंबर तक दावे-आपत्तियाँ दर्ज हुईं,

और 30 सितंबर को फाइनल सूची जारी कर दी गई।

यदि किसी मतदाता का नाम छूट गया है, तो वह नामांकन की अंतिम तारीख से 10 दिन पहले तक नाम जुड़वा सकता है।

 मतदाताओं के लिए हेल्पलाइन नंबर

चुनाव आयोग ने राज्यभर में मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया है। इस नंबर पर कॉल कर मतदाता अपनी वोटर लिस्ट, बूथ जानकारी और मतदान से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

इस चुनाव की 17 नई पहलें

चुनाव आयोग ने इस बार 17 नई तकनीकी और प्रशासनिक सुधार लागू किए हैं, जिनमें प्रमुख हैं —

  • हर मतदान केंद्र पर CCTV और वेबकास्टिंग
  • बूथ पर मोबाइल फोन प्रतिबंध
  • दिव्यांगों के लिए रैंप और शौचालय व्यवस्था
  • महिला मतदान कर्मियों की बढ़ी हुई संख्या
  • बूथ-स्तर पर हेल्प डेस्क और मेडिकल सहायता
  • इनमें से कई प्रावधानों को बाद में राष्ट्रीय स्तर पर अपनाया जाएगा।