कान्हा के जन्मोत्सव के लिए वृंदावन सज संवर कर तैयार

  • Thursday September 07 2023 - 12:52 AM
  •  

  • प्रवेश मार्ग, प्राचीन घाट और परिक्रमा मार्ग में लगी रंगबिरंगी विद्युत झालरें
  • मंदिर क्षेत्र में प्रत्येक सात मीटर पर होगा एक सफाईकर्मी तैनात
  • भीड़़ को निंयत्रण के लिए बांकेबिहारी मार्ग पर लगाई गई लोहे की रैलिंग 

वृंदावन। कान्हा के जन्मोत्सव के लिए मंदिरों की नगरी वृंदावन सजधज कर तैयार हो गई है। प्रवेश मार्गों, प्राचीन घाटों और परिक्रमा मार्ग में रंगबिरंगी विद्युत झालर सजाई गई हैं। मंदिरों के आसपास हर सात मीटर के फासले पर एक सफाईकर्मी तैनात है। बांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रैलिंग लगा दी है। तिराहे- चौराहों पर बांकेबिहारी की मंगला आरती के दर्शन के लिए एलईडी लगी हैं। 

परिक्रमा मार्ग एवं प्राचीन घाट हुए विद्युत रोशनी से जगमग

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर देश विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मथुरा -वृंदावन नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की है। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त क्रांति शेखर सिंह के निर्देशन में वृंदावन को रंगबिरंगी रोशनी से सजाया गया है। परिक्रमा में रमणरेती पुलिस चौकी से लेकर चीरघाट  प्राचीन घाट रोशनी से नहा रहे हैं। छटीकरा मार्ग, पागल बाबा तिराहे से रमणरेती  पुलिस चौकी तक रैलिंग और विद्युत पोलों पर विद्युत झालर लगाई गई।

नगर निगम जन्माष्टमी को लगाएगा स्वप्लाहार शिविर  

देशभर से कृष्ण जन्म मनाने के लिए आने वाले श्रद्धालुआें को नगर निगम निशुल्क स्वल्पाहार देगा। इसके लिए परिक्रमा मार्ग स्थित कालीदह पार्किंग स्थल एवं पागल बाबा मंदिर के समीप रोड पर शिविर लगाया जाएगा, जिसमें केला, पेठा और शीतल पेय श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा। 

कालीदह पार्किंग स्थल पर लगेगा स्वास्थ्य शिविर

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी वाले श्रद्धालुओं के लिए छह सितंबर की शाम से 8 सितंबर की सुबह तक नगर निगम द्वारा सुबह से देर रात तक स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर में स्वास्थ्य विभाग से एक डॉक्टर और एक फार्मासिस्ट तैनात किया जाएगा।  श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें परामर्श देने के साथ ही निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 

निशुल्क  6 जूता घर खोले जाएंगे

नगर निगम द्वारा श्रद्धालुओं के लिए छह जूता घर बनाए गए हैं। यह जूता घर बांकेबिहारी मंदिर को जाने वाले मार्ग विद्यापीठ चौराहा, गौतम पाड़ा, हरिनिकुंज चौराहा, जुगल घाट, जादौन पार्किंग, वीआईपी रोड पर बने हैं। जूता घरों पर नगर निगम के 15 कर्मचारी तैनात रहेंगे। बांकेबिहारी मंदिर जाने से पहले श्रद्धालु जूता-चप्पलों को निश्ुाल्क सुरक्षित रख सकेंगे। 

मंदिर क्षेत्रों में सात मीटर के फासले में किया एक सफाईकर्मी तैनात

कान्हा के जन्मोत्सव को लेकर नगर निगम ने वृंदावन के प्रवेश मार्ग और मंदिरों के आसपास सफाई व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए हैं। चार पालियों में 24 घंटे सफाई कर्मी तैनात रहेंगे। पागल बाबा मंदिर से लेकर रमणरेती पुलिस चौकी तक, छटीकरा रोड एवं विद्यापीठ से रमणरेती पुलिस चौकी सफाई के विशेष प्रबंध किए गए हैं। इन मार्गों पर 200 मीटर के फासले पर एक सफाई कर्मी तैनात रहेगा। बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में प्रत्येक सात मीटर के फासले में एक सफाई कर्मी और सुपरवाइजर तैनात रहेंगे। इसके लिए 202 सफाई लगाए गए हैं। इसके अलावा विद्यापीठ चौराहा से बांकेबिहारी मंदिर तक जगह-जगह अस्थाई रुप से 80 कूड़ेदान रखे गए हैं। 

भीड़ नियंत्रण के लिए लगाई गई लोहे की रैलिंग

कान्हा के जन्मोत्सव पर आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम द्वारा हरिनिंकुज चौराहा से बांकेबिहारी पुलिस चौकी के सामने मंदिर की गली नंबर तीन तक रैलिंग लगाई गई। इस रैलिंग में होकर श्रद्धालु बांकेबिहारी मंदिर के द्वारा तक सहजता से पहुंच सकेंगे। बांकेबिहारी मंदिर की गली नंबर दो पर स्लाइडिग बैरीकेडिंग लगाई गई है, जिससे जरुरत पड़ने पर हटाया और लगाया जा सकता है।