वृंदावन के 400 साल पुराने मदनमोहन मंदिर की दीवार ढ़ही
वृंदावन। वृंदावन के सबसे ऊंचे 400 वर्ष से अधिक पुराने मदनमोहन मंदिर की प्राचीन दीवारें देखरेख के अभाव में ढ़हने लगी हैं। मंदिर की नींव में भी दरारें आ गई हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित प्राचीन मंदिर की कई दिनों से ढही दिवार की सुध नहीं ली है। यह प्राचीन धरोहर कभी भी ढ़ह सकता है।
बांकेबिहारी मंदिर के समीप प्राचीन मदनमोहन मंदिर का निर्माण मुल्तान के व्यापारी रामदास कपूर ने संवत 1647 में बनवाया था। इस मंदिर का संरक्षण का जिम्मा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण का है, लेकिन देखरेख के अभाव में मंदिर की आए दिन पुरानी ककैया ईंटों से बनीं दीवार आए दिन ढ़ह रही है। पिछले सात दिनों से अधिक समय से मंदिर परिसर की दीवार ढ़ह गई, लेकिन एएसआई ने इसकी सुध नहीं ली। वहीं प्राचीन मंदिर की नींव का भी जगह-जगह से क्षरण होने लगा है। इतना ही नहीं उसमें दरारें आ गई हैं। यदि समय रहते मंदिर की नींव का संरक्षण नहीं हुआ तो 400 से अधिक पुरानी धरोहर कभी भी धराशायी हो सकती है।
मदनमोहन मंदिर के महंत दीनबंधु दास ने बताया कि मंदिर का लाल पत्थर से बना हॉल का एक पत्थर पिछले दिनों गिरा है। दीवार भी आए दिन ढ़ह रही है। मंदिर का हॉल कभी भी ढ़ह सकता है। इस संबंध में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को सूचित कर दिया है।
एएसआई के संरक्षण सहायक दीपक कुमार का कहना हैै कि मंदिर का पूर्व में सर्वे किया गया है। इसके बाद संरक्षण का कार्य जल्द ही किया जाएगा।
धरोहरों की बदहाली पर याचिकाकर्ता ने पीएम को लिखा पत्र
वृंदावन। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा संरक्षित प्राचीन मदनमोहन मंदिर की बदहाली पर याचिकाकर्ता प्रहलाद कृष्ण शुक्ल ने नाराजगी जताते हुए प्रधानमंत्री और महानिदेशक एएसआई से धरोहरों को नष्ट होने की जानकारी देते हुए उनके संरक्षण की मांग की है।
उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के कड़े रुख के बावजूद भी वृंदावन में प्राचीन धरोहर मदनमोहन मंदिर की एएसआई द्वारा अनदेखी की जा रही है। मंदिर की दीवार का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। इस मामले को वह उच्च न्यायालय में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में सुनवाई के दौरान रखेंगे।
उन्होंने बताया कि वृंदावन की प्राचीन धरोहरों के संरक्षण और उनके आसपास बन रहे मकानों पर रोक लगाने के लिए जनहित याचिका की गई थी। इस मामले में इस माह के अखिर में सुनवाई की तारीख है।



