पायौ जी मैंने रामरतन धन पायौ...
- सुप्रसिद्ध शास्त्रीय एवं भक्ति संगीत गायिका आस्था गोस्वामी एवं बाल कलाकार कर्णिका गोस्वामी ने की राग सेवा
वृन्दावन। श्रीचैतन्य प्रेम संस्थान के तत्वावधान में ठा. राधारमण मंदिर में चल रहे शीतकालीन निकुंज सेवा महोत्सव के अन्तर्गत सुप्रसिद्ध शास्त्रीय एवं भक्ति संगीत गायिका आस्था गोस्वामी एवं बाल कलाकार कर्णिका गोस्वामी ने संयुक्त रूप से राधारमण लाल को रिझाने के लिए राग सेवा की। सर्वप्रथम बाल कलाकार कर्णिका गोस्वामी ने शास्त्रीय संगीत में राग यमन में छोटा ख्याल अरी एरी आली पिया बिन... ठाकुरजी के चरणों में प्रस्तुत किया, तत्पश्चात् पायौजी मैंने रामरतन धन पायौ... कृपा करि अपनायौ... जनम जनम की पूजीं पाई... जग में सभी खुवायौ... पायौजी मैंने रामरतन धन पायौ... आदि मनभावन प्रस्तुति दी। उसके बाद शास्त्रीय संगीत गायिका आस्था गोस्वामी ने राधारमण बिहारी तैरो नाम है, तुझे प्रणाम है... बोल हरि बोल हरि हरि बोल.... प्यारी कौ श्रृंगार करत नंदलाल... अपना चंदा सा मुखड़ा दिखाए जा... मोर मुकुट वारे... आदि संगीत प्रस्तुत कर राग सेवा की। जिसे सुन श्रोता एवं श्रद्धालुगण आत्मविभोर नृत्य एवं गायन करने लगे।
सेवा महोत्सव के अन्तर्गत द्वादश-भक्ति-रस-निकुंजों के अन्तर्गत ठा. राधारमण देव जू एवं प्रियाजू सहित भक्तों को दर्शन दिए। ठा. राधारमण लाल ने महरून रंग की जैकेट सहित गुलाबी पोशाक धारण कर नूतन आभूषण धारण किए एवं प्रियाजू ने गुलाबी रंग का घेरदार लहंगा आभूषण सहित पहर भक्तों को दर्शन दिए, युगल जोड़ी के दर्शन कर भक्त एवं श्रद्धालु आनंदित हो उठे।
खिचड़ी महोत्सव के अन्तर्गत ठा. राधारमण लाल का प्रातःकाल में विविध मेवाओ से बनी गरम गरम खिचड़ी भोग सहित भाजा, अचार, पापड़, मुरब्बा अर्पित किया गया, शीतऋतु के अर्न्तगत ठाकुर जी एवं प्रियाजू को समय-समय पर गर्माहट के लिए अंगीठी भी निवेदित की गई एवं शीतऋतु को देखते हुए ठा. राधारमण लाल को मौजे भी पहनाए गए, जिससे कि ठाकुर जी को भीषण ठंड से बचाया जा सकें।
इस अवसर पर आध्यात्मिक गुरू आचार्य श्रीवत्स गोस्वामी, वेणुगोपाल गोस्वामी, अभिनव गोस्वामी, सुवर्ण गोस्वामी आदि उपस्थित थे।



