श्रीबाँकेबिहारी ने बनाया राजस्थान और वृन्दावन के बीच प्रेमभक्ति का नाता
वृंदावन। तीर्थनगरी वृंदावन के बिहारीपुरा क्षेत्र में स्थित बाँकेबिहारी मंदिर में विराजमान भगवान के श्रीविग्रह यानि मूर्ति राजस्थान के करौली और भरतपुर गई थी। जन-जन के आराध्य श्री बाँकेबिहारी महाराज की यह यात्रा मुगल शासन काल में किसी मुगल शासक के डर से नहीं, बल्कि ब्रिटिश शासन काल में करीब 150 वर्ष पूर्व आध्यात्म स्वरुप हुई। प्रेम भक्तिमय यह यात्रा को लेकर एक किवदंति है।
प्रेम भक्ति के अधीन श्री बाँकेबिहारी रानी के साथ गए थे करौली
बाँकेबिहारी मंदिर के सेवायत आचार्य आनन्द वल्लभ गोस्वामी ने बताया कि राजस्थान के करौली रियासत की रानी सुप्रसिद्ध श्री बाँकेबिहारी के दर्शन करने के लिए वृन्दावन स्थित मंदिर में आईं। मंदिर के गोस्वामियों ने रानी का परपंरागत स्वागत किया। उस समय मंदिर के गर्भगृह में पर्दा लगाने का चलन नहीं था। जिससे रानी ने टकटकी लगाकर श्रीबाँकेबिहारी के दर्शन किए। दर्शन करने के दौरान भक्त और भगवान एक सूत्र में बंध गए। प्रभु प्रेम में व्याकुल करौली की रानी बिहारीजी को अपने साथ चलने का आमंत्रण दिया। रानी के आवेदन पर श्री बाँकेबिहारी रानी के साथ करौली चले गए और करौली में बने भव्य मंदिर में विराजमान हुए।
श्रीबाँकेबिहारी को पुन: वृंदावन लाने की बनी योजना
अपने आराध्य के वृन्दावन से राजस्थान चले जाने से विचलित बाँकेबिहारी मंदिर के गोस्वामियों ने वापस लाने की योजना बनाई,जिसमें भरतपुर के राजा का सहयोग लिया। राजस्थान से वृंदावन लाने का यह कार्य अपने ही गोस्वामी रुपानन्द महाराज को सौंपा।
भरतपुर के राजा ने श्री बाँकेबिहारी के लिए महल में बनवाया मंदिर
सेवायत गोस्वामी का कहना है कि अंग्रेजी हुकूमत के तहत उस समय तक भारतीय रियासतों का पुनर्गठन हो चुका था। नवगठनों में वृन्दावन भरतपुर रियासत के अधीन था। करौली से पुनर्वासी के दौरान भरतपुर के राजा ने श्रीबाँकेबिहारी को अपने महल में रखकर पूजा सेवा करने की इच्छा जाहिर की। राजा ने अपने किले में रानी के महल के ठीक सामने बाँकेबिहारी का मंदिर बनवाकर उसमें उन्हें विराजमान कर दिया। अचानक रानी की तबियत बिगड़ने पर राजा चिंतित हो गया। बाँकेबिहारी के गोस्वामियों ने अपने आराध्य का दूधभात का भोग लगाकर उस प्रसाद को रानी को दिया, जिससे रानी स्वस्थ्य हो गई। भरतपुर के राजा ने बाँकेबिहारी को वृन्दावन भेजने के लिए गोस्वामी रुपानन्द को सौंप दिया साथ में सुरक्षा के लिए अपनी सेना भी भेजी। इतना नहीं भरतपुर रियासत ने पूर्व में ग्वालियर सरकार द्वारा गोस्वामियों को दी गई भूमि जहां पर रानी का बाग बन चुका था। वह भी भूमि भी गोस्वामियों को दान कर दी।
रतन सिंह और गोस्वामियों के बीच हुआ संघर्ष
बाँकेबिहारी मंदिर के सेवायत आनन्दवल्लभ गोस्वामी ने बताया कि गोस्वामियों का जत्था बाँकेबिहारी को लेकर वृन्दावन की ओर चल पड़ा। तभी भरतपुर से इस जत्थे के पीछा रतन सिंह नामक व्यक्ति करने लगा। बाँकेबिहारी को छीनने का प्रयास करने लगा। गोस्वामी और रतन सिंह के बीच संघर्ष हुआ। इस संघर्ष के बीच गोस्वामी रुपानन्द ने श्री बाँकेबिहारी की मूर्ति को गोस्वामी समाज को सौंप दिया और उनका निधन विद्यापीठ चौराहा के निकट गांधी नगर में हो गया। तभी इस स्थान पर गोस्वामी रुपानन्द महाराज की समाधि बनीं। गोस्वामी समाज द्वारा भाद्र माह में जन्माष्टमी से एक दिन पूर्व सप्तमी तिथि को उनका उत्सव मनाया जाता है।
बाँकेबिहारी मंदिर में यूं हुआ पर्दा लगाने का चलन
गोस्वामियों का कहना है कि इस घटना के बाद से ही दर्शन के समय में श्रीबाँकेबिहारी मंदिर के गर्भगृह में समय-समय पर पर्दा लगाने का चलन शुरु हुआ। ताकि करौली की रानी की तरह श्रीबाँकेबिहारी भक्त की प्रेम भक्ति के अधीन होकर मंदिर से उसके साथ न चल दें।
भरतपुर, करौली रियासतों के सहयोग से बना बाँकेबिहारी मंदिर
मंदिर के सेवायत आनन्द बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि वृन्दावन के मध्य बिहारीपुरा में छोटे से मंदिर में करीब 70 वर्ष श्रीबाँकेबिहारी महाराज की पूजा सेवा हुई। मुगल शासक औरंगजेब के समय में क्षतिग्रस्त हुए मंदिर पुनर्निर्माण के दौर से गुजर रह थे। सरकारों ने देवालयों के जीर्णोद्धार के लिए ईंट, चूना और कारसेवक उपलब्ध कराए। बाँकेबिहारी मंदिर का नक्शा गोस्वामी अलबेले लाल ने बनाया। उसी दौर में बाँकेबिहारी के गोस्वामियों ने भरतपुर और करौली रियासतों की सहायता से राजस्थान की हवेली शैली में बाँकेबिहारी मंदिर का निर्माण कराया। विक्रम संवत 1925 में बाँकेबिहारी मंदिर बनकर तैयार हुआ।
निधिवन में हुआ श्रीबाँकेबिहारी का प्राकट्य
वृन्दावन के निधिवन में स्वामी हरिदास जी की संगीत रसोपासना से आराध्य श्री बाँकेबिहारी का प्रादुर्भाव हुआ। मंदिर के सेवायत आचार्य आनन्द बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि बाँकेबिहारी मंदिर के गोस्वामीजन मार्गशीर्ष यानि अगहन माह शुक्लपक्ष की पंचमी तिथि को श्रीबाँकेबिहारी का प्राकट्योत्सव धूमधाम के साथ प्रतिवर्ष मनाते हैं। मान्यता है कि बाँकेबिहारी के प्राकट्यकर्ता स्वामी हरिदासजी भगवान कृष्ण की सहचरी ललिता सखी के अवतार थे। निधिवन में सघन वृक्षावलि के मध्य श्रीबाँकेबिहारी की प्राकट्य स्थली और प्राकट्यकर्ता स्वामी हरिदासजी की साधना स्थली की पूजा सेवा बाँकेबिहारी के सेवायत गोस्वामियों द्वारा प्रतिदिन की जाती हैं।



