ASI ने 12 साल में कराई1118 एफआईआर आखिर कहां गई?

  • Monday October 02 2023 - 01:00 AM
  •  

  • एएसआई का दावा संरक्षित क्षेत्र में निर्माण करने पर कराई गई 1118 एफआईआर
  • पुलिस का दावा पिछले 12 वर्ष 6 माह में कोई एफआईआर नहीं 
  • दो विभागों के बीच झोल का बड़ा खुलासा आरटीआई से हुआ 

वृंदावन। वृंदावन समेत मथुरा जनपद में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने प्राचीन धरोहरों के संरक्षित क्षेत्रों में निर्माण कराने वालों के विरुद्ध पिछले साल में 1118 एफआईआर दर्ज कराने का दावा किया है, जबकि चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस द्वारा इस मामले में जिलेभर में कोई एफआईआर दर्ज न करने का दावा किया जा रहा है। आखिकार 1118 एफआईआर कहां गईं? 

वृंदावन में पांच प्राचीन मंदिर समेत ब्रज में एक दर्जन से अधिक ऐेसी प्राचीन धरोहर हैं जिनकी देखरेख का जिम्मा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई)का है। प्राचीन धरोहरों के 100 मीटर संरक्षित क्षेत्र में किसी तरह के निर्माण पर रोक है। एएसआई ने दावा किया है कि धरोहरों के संरक्षित क्षेत्र में निर्माण करने वालों के विरुद्ध जनवरी 2010 से 22 जून 2021 तक पिछले 12 साल छह माह में 1118 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अलावा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई है।

जबकि एसएसपी कार्यालय ने दावा किया है कि  वर्ष 2010 से लेकर जून 2022 तक केंद्रीय संरक्षित स्मारकों के पास हुए अवैध निर्माण के संबंध में मथ्ुारा जनपद में कोई भी एफआईआर नहीं हुई है। यह बड़ा खुलासा अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद कृष्ण शुक्ला द्वारा दोनों विभागों से जन सूचना के अधिकार के तहत ली गई जानकारी से हुआ है। दोनों विभागों के बीच हुए झोल के सामने आने पर सवाल खड़ा होता कि आखिर 1118 एफआईआर कहां गईं, यह जांच का विषय है।