Picture Courtesy: istock
सुख, समृद्धि और वैभव देता है पीपल का पूजन
शास्त्रों में वैशाख मास में भगवान मधुसूदन की विधिवत अर्चना मोक्षकारी बताई गई है। इस पुण्यकारी मास में भगवान मधुसूदन की अर्चना के साथ पीपल वृक्ष के पूजन का प्रावधान स्कन्द पुराण में वर्णित है। वैज्ञानिक और आध्यात्मिक दोनों ही दृष्टिकोणों से पीपल को शुभ फलदायी माना गया है।
शास्त्रों के अनुसार पीपल की जड़ों में ब्रह्मा, तने में भगवान विष्णु और पत्तों में भगवान शिव का निवास होता है। स्कन्द पुराण के अनुसार पीपल के वृक्ष को काटना ब्रह्म हत्या के समान है। यह एक बड़ा पापकर्म माना जाता है। जैसा कि सभी जानते हैं कि पीपल भगवान मधुसूदन को बेहद प्रिय है। भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद भगवद् गीता में अर्जुन से कहते हैं, अश्वत्थ सर्वा वृक्षाणां देवषीणां च नारद।। अर्थात् हे अर्जुन, मैं समस्त वृक्षों में पीपल का वृक्ष हूं तथा देव ऋषियों में नारद मुनि हूं। वैशाख मास में पीपल को सांसारिक सुख, वैभव व मोक्ष प्राप्ति का सहज एवं सरल साधन के रूप में वर्णित किया गया है।
पद्मपुराण में एक स्थान पर स्वयं भगावान मधुसूदन ने कहा है कि जो पीपल वृक्ष की सेवा करके वस्त्र दान करता है, वह समस्त पापों से मुक्त होकर अंत में विष्णु भक्त हो जाता है।
कार्तिक माहात्मय में श्री सूतजी ने संतों से पीपल का माहात्म्य इस प्रकार वर्णित करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने सत्यभामा से कहा कि व्रत करते हुए यदि साधक किसी संकट में पड़कर व्रत का पालन न कर पाए और भगवान विष्णु जी का मन्दिर पास न हो तो उसे पीपल वृक्ष के नीचे बैठकर मेरा जाप करना चाहिए। ऐसा करने पर उस भक्त को मोक्ष की प्राप्ति होती है।
वायव्य संहिता में भी पीपल वृक्ष की महिमा का वर्णन करते हुए भगवान महादेव मां उमा से करहते हैं, पीपल वृक्ष ने नीचे किए गए जप, पूजा का सहस़्त्र गुना फल प्राप्त होता है। यह भी माना जाता है कि पीपल में अलक्ष्मी दरिद्रा जो कि देवी लक्ष्मी की बहन थी, का भी वास होता है। भगवान विष्णु व लक्ष्मीजी से प्राप्त वरदान के कारण शनिवार को जो भक्त अलक्ष्मी के निवास यानि पीपल वृक्ष की आराधना एवं पूजा करते हैं, उन्हें निश्चित ही शुभ फल की प्राप्ति होती है। इसी कारण शनिश्चरी अमावस्या व शनि प्रदोष होने पर पंचामृत से पीपल की अर्चना करने का विशेष महत्व है।
साधक को पीपल पूजन के पावन दिन पीपल की छाया में ऊॅं नमः वासुदेवाय नमः का जाप करते हुए धूप-दीप व नैवेद्य से विधिवत पीपल का पूजन करना चाहिए। पीपल की विधिवत पूजा करने से साधक की मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है। पीपल पूजन से न केवल साधक की मनोकामना पूर्ण होती है बल्कि उसके पितरों का भी कल्याण होता है। स्कंद पुराण में यहां तक कहा गया है कि जिस व्यक्ति के पुत्र न हो, वह पीपल को ही अपना पुत्र माने।



