अमेरिका की पूर्व खुफिया विभाग निदेशक और राजनीतिज्ञ तुलसी गबार्ड
तुलसी गबार्ड का बड़ा खुलासा:अमेरिका वर्षों से कराता रहा है सत्ता परिवर्तन
वाशिंगटन। अमेरिका की पूर्व खुफिया विभाग निदेशक और राजनीतिज्ञ तुलसी गबार्ड ने एक बड़ा खुलासा करते हुए स्वीकार किया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका दशकों से दूसरे देशों में सत्ता परिवर्तन और सरकारों को गिराने की रणनीति अपनाता रहा है। उन्होंने कहा कि यह नीति न केवल असफल रही, बल्कि इससे अमेरिका की साख, वैश्विक स्थिरता और सुरक्षा को गंभीर नुकसान पहुंचा।
तुलसी गबार्ड मनामा (बहरीन) में आयोजित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रेटेजिक स्टडीज (IISS) के मनामा डायलॉग सम्मेलन में बोल रही थीं। उन्होंने कहा, “कई वर्षों तक अमेरिका की विदेश नीति दुनिया भर में सरकारें बदलने, हस्तक्षेप करने और अपनी राजनीतिक विचारधारा थोपने पर आधारित रही। लेकिन इस नीति से हमें सहयोगियों से ज्यादा दुश्मन मिले।” उन्होंने साफ कहा कि इन हस्तक्षेपों का परिणाम रहा कि आईएसआईएस, अलकायदा जैसे आतंकवादी संगठन मजबूत हुए, मध्य पूर्व, एशिया और अफ्रीका में अस्थिरता बढ़ी और हजारों निर्दोष लोगों की जानें गईं। गबार्ड ने इन कार्रवाइयों को “अमेरिकी विदेश नीति की सबसे बड़ी भूल” बताया।
ट्रंप प्रशासन के दौरान नीति में बदलाव
गबार्ड ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में विदेश नीति में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए। अब अमेरिका का फोकस लोकतंत्र थोपने के बजाय वैश्विक शांति, आर्थिक सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता पर है। उन्होंने कहा, “ट्रंप प्रशासन ने पुरानी ‘हस्तक्षेपवादी नीति’ को समाप्त किया है। हमारा लक्ष्य अब युद्ध नहीं, बल्कि शांति और साझेदारी को बढ़ावा देना है।” उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि गाजा संघर्ष के दौरान ट्रंप सरकार की कूटनीतिक पहल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा, ईरान के परमाणु ठिकानों पर कार्रवाई और मध्य पूर्व में शांति समझौतों ने कई बड़े संघर्षों को रोकने में मदद की।
नई चुनौतियां: चीन और ईरान
तुलसी गबार्ड ने चेताया कि गाजा युद्धविराम के बावजूद हालात अभी भी संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि चीन की आक्रामक नीतियां और ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षा वैश्विक शांति के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। IAEA की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु ठिकानों पर गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं।
पुरानी बहस फिर हुई जिंदा
यह पहली बार नहीं है जब गबार्ड ने अमेरिकी विदेश नीति की आलोचना की है। 2020 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान भी उन्होंने कहा था कि “अमेरिका अनावश्यक युद्धों के जाल में फंसा रहा है।” दूसरी ओर, ट्रंप भी ‘डीप स्टेट’ और पुरानी नीतियों पर सवाल उठा चुके हैं। तुलसी गबार्ड का यह बयान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई बहस को जन्म दे रहा है—क्या अमेरिका की वैश्विक हस्तक्षेप नीति वास्तव में उसके हित में रही या आत्मघाती साबित हुई?



