बिहार के औरंगाबाद का देव सूर्य मन्दिर
बिहार के इस सूर्य मन्दिर का भगवान श्रीराम ने कराया था निर्माण, जानिए कब और कैसे
बिहार के औरंगाबाद का देव सूर्य मन्दिर त्रेतायुगीन है। यह ओड़ीसा में स्थित कोणार्क सूर्य मन्दिर से भी पहले का बना हुआ है। कोणार्क सूर्य मन्दिर का निर्माण द्वापर युग में हआ था। यानि देव सूर्य मन्दिर कोणार्क मन्दिर से भी प्राचीन है।
ये बातें चित्रकूट धाम के तुलसी पीठाधीश्वर जगतगुरू स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने भगवान भास्कर की पावन नगरी देव में आयोजित श्री सूर्य महायज्ञ के दौरान प्रवचन करते समय कही। उन्होंने कहा कि देव में सूर्य नारायण का दर्शन कर मन प्रसन्न हो गया। जब मन्दिर में दर्शन कर हरे थे, उस वक्त प्रेरणा जगी कि यह मन्दर भगवान श्रीराम द्वारा बनाया गया है। मिथिला जाते समय भगवान श्रीराम ने इस मन्दिर का निर्माण कराया था। उन्होंने बताया कि त्रेता युग में जब रावण का वध करने के बाद भगवान राम राजा बने तो माता सीता के साथ मिथिला आए थे। मिथिला में उनका भव्य स्वागत हुआ था। इसी दौरान मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम ने मिथिला जाने के दौरान यहां रूक कर भगवान सूर्य के इस मन्दिर का निर्माण कराया था। हालांकि इसके बाद कई लोगों ने इस मन्दिर का जीर्णोद्धार कराया लेकिन यह मन्दिर स्वयं भगवान श्रीराम द्वारा ही निर्मित है।
एक महीने तक नहीं हुआ था सूर्यास्त
उन्होंने कहा कि भगवान राम को सूर्य नारायण बहुत प्रिय है, क्योंकि भगवान राम का जन्म सूर्यवंशी कुल में हुआ था। सूर्य नारायण को मित्र कहा गया है। वे मिलते-मिलते भी रक्षा कर देते है। यजुर्वेद में उल्लेख है कि सूर्य आत्मा जगतस्तस्थुषश्च यानी सूर्य को आत्मा माना गया है। सूर्य को रवि भी कहते हैं। भगवान सूर्य नारायण बेहद उदार हैं। किसी के साथ भेदभाव नहीं करते हैं। सबको एक समान प्रकाश देते हैं। सभी इनकी स्तुति करते हैं। भगवान सूर्य सात घोड़ों के रथ पर सवार हैं। रथ में सर्पों की डोरी लगी हुई है। इनके सारथी अरूण है। भगवान सूर्य को देवताओं का नेत्र भी कहा गया है।
उन्होंने कहा कि सूर्य नारायण को भगवान राम कितने प्रिय है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जब भगवान राम का जन्म हुआ तो सूर्य नारायण ने कहा कि मुझे एक दिन की छुट्टी चाहिए। इस पर ब्रह्माजी ने कहा कि अगर आप छुट्टी ले लेंगे तो प्रकाश कहां से मिलेगा। इस पर सूर्य नारायण ने कहा कि हमारे यहां उत्सव हो रहा है। इसलिए हमें छुट्टी चाहिए। ब्रह्माजी ने कहा कि ऐसा करिय आप वहां बैठे-बैठे ही छुट्टी ले लीजिए। सूर्य नारायण आए राघवजी का जन्म हुआ और इसके बाद सूर्य नारायण भूल गए। एक महीने तक भगवान सूर्य अस्ताचल नही हुए। पूरे एक महीने तक दोपहर बना रहा और सूर्य नारायण वहीं बैठे रहे।
गोस्वामी तुलसीदास ने लिखा है कि मास दिवस कर दिवस भा मरम न जानई कोई, रथ समेत रवि थाकेउ निसा कवन विधि होई। सूर्य नारायण वहीं बैठ कर भगवान का उत्सव देखते रहे। भगवान सूर्य ने अपने अंश सुग्रीव को भेजा कि जाओ रामजी की सेवा करो। जगत गुरू स्वामी रामभद्राचार्य ने कहाा कि सूर्य सबका पालन करते हैं। वे सभी लोगों को अच्छे कर्म के लिए प्रेरित करते हैं। कभी बुरा नहीं करने देते हैं।
हनुमानजी को भगवान सूर्य ने दी थी गायत्री मंत्र की दीक्षा
जब हनुमानजी महाराज प्रकट हुए तो उन्होंने लाल फल समझ कर सूर्य नारायण को अपने मुंह में भर लिया। जब देवताओं ने प्रार्थना की तब जाकर भगवान सूर्य को मुक्त किया। सूर्य नारायण ने कहा कि हनुमान जी जब आपका यज्ञोपवीत होगा तब मैं आपको गायत्री मंत्र की दीक्षा दूंगा। जब हनुमानजी का यज्ञोपवीत हुआ तब भगवान सूर्य नारायण ने उन्हें गायत्री मंत्र की दीक्षा दी। उन्होंने बताया कि जब हनुमानजी महाराज भगवान सूर्य से पढ़ने गए तब सूर्य नारायण को प्रणाम किया। हनुमानजी को देखते ही सूर्यनारायण सोच में पड़ गए कि बच्चे थे तब तो मुंह में भर लिया था। अब बड़े हो गए हैं तो क्या करेंगे। तब हनुमानजी ने कहा कि सूर्य नारायण मैं आपसे व्याकरण पढ़ने आया हूं। सूर्य नारायण ने कहा कि मेरे पास समय नहीं है। हनुमानजी के काफी जतन के बाद सूर्य नारायण तैयार हुए और हनुमानजी को शिक्षा देनी प्रारम्भ की। बेहद अल्प समय में ही हनुमान जी ने सारी व्याकरण की शिक्षा ग्रहण कर ली।
यहीं से हुई है छठ पर्व की शुरूआत
महर्षि कश्यप ऋषि की पत्नी अतिथि के गर्भ से भगवान सूर्य का जन्म हुआ था। इसी देव स्थान से हम सभी ने छठ पर्व प्रारंभ किया। सूर्योपासना के महापर्व छठ की शुरूआत देव से ही हुई है। वर्षों से साल में दो बार कार्तिक एवं चैत्र माह में छठ महापर्व मनाया जाता है। छठ मईया सबकी मनोकामना पूरी करती है। यही भूमि अत्यंत एतिहासिक व पवित्र है।



