वृंदावन में पुलिस परीक्षा केंद्र से भाग रहा मुन्ना भाई गिरफ्तार, फर्जी आधार बरामद
- परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर जन्मतिथि पूछने पर भागा आरोपी
- 50 हजार रुपए का पेपर सॉल्व करने का हुआ था सौदा
वृंदावन। पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को वृंदावन के हजारीमल सोमानी इंटर कालेज में चैकिंग के दौरान एक मुन्नाभाई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के बीच से भाग निकले युवक को धर दबोचने के बाद कई घंटे पूछताछ की। परीक्षा केंद्र पर तैनात इंस्पेक्टर ने उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। एक युवक के बदले प्रश्नपत्र सॉल्व करने पर 50 हजार रुपए तय हुआ था।
पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार दोपहर करीब ढाई बजे को दूसरी पाली में परीक्षा के लिए हजारी मल सोमानी नगर निगम इंटर कालेज के प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों को एक -एक कर जांच करते हुए प्रवेश कराया जा रहा था। इसी बीच तैनात एक पुलिसकर्मी द्वारा एक युवक से जब उसकी जन्मतिथि पूछी गई तो वह हड़बड़ा गया और कॉलेज के प्रवेश द्वार से पुलिस के बीच से भाग निकला। परीक्षा केंद्र के गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भाग रहे युवक का पीछा करके कोतवाली के सामने से दबोच लिया और परीक्षा केंद्र पर ले गए। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में युवक ने अपना नाम दिनेश चंद्र शर्मा पुत्र रमेश चंद्र शर्मा निवासी शीश बाड़ा, भरतपुर राजस्थान बताया है। पकड़े गए मुन्ना भाई ने बताया कि वह 15 बी बीआर टाउन, रांची बांगर बाद, मथुरा निवासी छात्र शेर सिंह पुत्र यादराम के स्थान पर परीक्षा देने आया था।
सॉल्वर के विरुद्ध इन धाराओ में केस दर्ज हुआ
कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार शाही ने बताया कि पुलिस परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान एक सॉल्वर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा युवक दिनेश चंद्र शर्मा निवासी भरतपुर है। वह किसी अन्य छात्र के स्थान पर परीक्षा देने आया था। उसके विरुद्ध धारा 420, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम- 1998 की धारा 6, 10, 3, 9 में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। युवक के विरुद्ध मुकदमा परीक्षा केंद्र पर तैनात रहे इंस्पेक्टर मुस्तकीम अली ने दर्ज कराया है।
50 हजार रुपए में पेपर सॉल्व करने का हुआ था सौदा
सॉल्वर दिनेश चंद्र शर्मा ने पुलिस पूछताछ में बताया कि रांची बांगर बाद, मथुरा निवासी शेर सिंह पुत्र यादराम के बदले पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए आया था। परीक्षा देने के लिए प्रवेश पत्र और आधार कार्ड पर फोटो दिनेश चंद्र शर्मा का और नाम पता शेर सिंह का अंकित था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है, जबकि प्रवेश पत्र पुलिस के बीच से भागने के दौरान फांड कर फेंक दिया। मुन्ना भाई दिनेश चंद्र शर्मा ने बताया कि परीक्षा देने के लिए शेर सिंह से उसका 50 हजार रुपए का सौंदा हुआ था।



