आफताब के नार्को टेस्ट की कोर्ट ने दी मंजूरी, पुलिस ने कहा - हत्याकांड की जांच में सहयोग नहीं कर रहा आरोपी

  • Thursday November 17 2022 - 06:10 AM
  •  

नई दिल्ली। दिल्ली के चर्चित श्रद्धा मर्डर केस में आफताब का नार्को टेस्ट किया जाएगा। दिल्ली के साकेत कोर्ट ने आफताब के नार्को टेस्ट की इजाजत दे दी है। पुलिस ने कहा कि हत्यारोपी आफताब पुलिस जांच को भटकाने की कोशिश कर रहा है। वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। पुलिस इस जघन्य हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद करने की कोशिश में लगी हुई है। इससे पहले यह खबर सामने आई थी कि श्रद्धा हत्याकांड में अब तक जो राज सामने नहीं आ पाए हैं उन्हें सामने लाने के लिए दिल्ली पुलिस जल्द ही आरोपी आफताब का नार्को टेस्ट करना चाहती है। इसके लिए पुलिस ने कोर्ट से स्वीकृति मांगी। जिस पर अदालत ने आफताब का नार्को टेस्ट करने की इजाजत दे दी है। 

श्रद्धा का सिर और मोबाइल कहां है?

पुलिस को अब तक श्रद्धा का सिर नहीं मिला है। वह श्रद्धा का सिर को बरामद करने के प्रयास में जुटी है। श्रद्धा का सिर मिलना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि इससे ही मृतक लड़की की पहचान स्थापित की जा सके। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारका भी अब तक कुछ भी पता नहीं चल सका है। हो सकता है कि श्रद्धा के टुकड़े टुकड़े करने वाले आरोपी आफताब से पुलिस इस नार्को टेस्ट में सिर और हथियार से संबंधित सवाल पूछे। इसके अलावा श्रद्धा के मोबाइल के बारे में भी अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। 

वारदात में कोई और भी था शामिल?

श्रद्धा हत्याकांड को लेकर एक बड़ा सवाल यह भी सामने आ रहा हैै कि क्या इस सनसनीखेज वारदात में आफताब के अलावा कोई और शख्स भी शामिल था? दरअसल इस घटना की भयावहता और जिस तरह की जानकारी सामने आ रही है उससे लगता है कि शायद आफताब ने अकेले इस घटना को अंजाम नहीं दिया है। हो सकता है कि वह पुलिस से कुछ अहम बातें छिपा रहा हो। पहले अपनी प्रेमिका का कत्ल फिर उसके टुकड़े करना फिर सबूत मिटाना और उसके बाद टुकड़ों को जंगलों में ठिकाने लगाना। इसके बाद कई महीनों तक चुपचाप उसी फ्लैट में रहना। यह सब बातें इस बात की ओर इशारा कर रही है कि आफताब ने कितनी सोची-समझी रणनीति के तहत इस घटना को अंजाम दिया है। तो क्या इस भयानक अपराध को आफताब ने अकेले ही अंजाम दिया? यह एक अहम सवाल है।