सनातन धर्म भारत की आत्मा है, इसके बिना किसी का अस्तित्व नहीं
वृन्दावन। तमिलनाडू मुख्यमंत्री स्टालिन के पुत्र उदयनिधि के सनातन धर्म पर विवादित बयान को लेकर धर्माचार्यो में रोष है। धर्मगुरू देवकीनंदन महाराज ने ऐसे सनातन विरोधी बयानों को सोची-समझी साजिश बताते हुए केंद्र सरकार से इस मामले में सख्त कार्यवाही की मांग की है। उन्होने कहा कि सनातन को मिटाया नहीं जा सकता, इतिहास गवाह है कि जिसने सनातन को मिटाने की बात कही वह खुद ही मिट गए। सनातन आज भी जीवित है और हमेशा रहेगा।
छटीकरा मार्ग स्थित श्रीप्रियाकान्तजु मंदिर पर श्रीमद्भागवत कथा के बीच उन्होने कहा कि हम कितने सहनशील हैं कि कोई व्यक्ति मंदिर तोड़ दे, चाहे कोई हमारी रामायण जला दे या हिन्दू धर्म को गाली दे दे सवा सो करोड़ हिंदुओं को कोई फर्क नहीं पड़ता। कहा कि यह कहीं ऐसा न हो कि आगे चलकर हमारी यह उदारता कायरता कहलाये। इसलिये अभी भी समय है अपने धर्म के प्रति जागरुक हों और ऐसे धर्म विरोधी बयान देने वालों के संवैधानिक अधिकारों से बहिष़्क़ृत किया जाए।
देवकीनंदन महाराज ने कहा कि विपक्षी पार्टियों के नये बने गंठबंधन आईएनडीआईए में अगर ऐसे सनातन धर्म विरोधी लोग रहे तो वह कभी सफल नहीं हो पायेगा । यह जान लें सनातन भारत की आत्मा है । यह जोड़ना सिखाता है तोड़ना नहीं । इसकी गलत व्याख्या करके हिंदुओं को तोड़ने की साजिश पुरानी है लेकिन सफल नहीं होगी । भारत की संवैधानिक व्यवस्था द्वारा ऐसे लोगों को दण्डित किया जाना चाहिये ।
उन्होंने कहा कि जो लोग कहते थे कि हिंदु असहिुष्णु हैं, वे बताएं कि और कितनी सहिष्णुता देखना चाहते हैं? अन्य धर्मों को लेकर अगर कोई ऐसी टिप्पणी करे तो उसका जीना मुश्किल हो जाता है। यह सनातन ही है जो विरोधी को भी जीने का अधिकार देता है, लेकिन सहने की भी एक सीमा होती है, हिंदुओं को उद्वेलित करने की लगातार कोशिशें की जा रही हैं।



