आधुनिक ड्रेेस पहनकर आए तो वृन्दावन के पागल बाबा मन्दिर में प्रवेश नहीं

  • Tuesday September 26 2023 - 01:50 AM
  •  

  •  पागल बाबा मंदिर प्रबंधन ने मन्दिर के मुख्य द्वार पर लगाए सूचक बोर्ड
  •  आधुनिक ड्रेस पहन कर आने वाले श्रद्धालुओं को दी जा रही हिदायत

वृन्दावन। वृन्दावन-मथुरा मार्ग स्थित पागल बाबा मन्दिर में आधुनिक कपड़े पहनकर आने वाले  श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं मिलेगा। इस मामले में मन्दिर प्रबंधन ने मन्दिर के प्रवेश एवं निकास द्वार के साथ-साथ मन्दिर परिसर में भी जगह- जगह सूचक बोर्ड लगाए हैं।

पागल बाबा मन्दिर के प्रबंधक बल्देव चतुर्वेदी ने मन्दिर में आने वाले श्रद्धालुओं को सूचक बोर्ड लगा कर हिदायत दी है कि सभी महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मर्यादित कपड़ों में ही मन्दिर में प्रवेश करें। छोटे कपड़े, हाफ पेंट, बरमूडा , मिनी स्कर्ट, नाइट सूट, कटी -फटी जींस, फ्रॉक आदि पहनकर आने पर मन्दिर के बाहर ही रहें। 

इससे पहले वृन्दावन के राधा दामोदर मन्दिर में भी गोस्वामियों ने श्रद्धालुओं को पारम्परिक कपड़े ही पहनकर मन्दिर में प्रवेश करने को कहा था। आधुनिक छोटे और कटे कपड़ों में मन्दिर न आने की हिदायत दी थी। इसके लिए मन्दिर परिसर और प्रवेश द्वारों पर भी सूचक बोर्ड लगाए थे। 

पागल बाबा मन्दिर के प्रबंधक बल्देव चतुर्वेदी ने बताया कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं को मन्दिर में प्रवेश करना चाहिए। आधुनिक कपड़ों की बजाय मर्यादित कपडों में श्रद्धालु मन्दिर में प्रवेश करें अन्यथा मन्दिर के बाहर से ही दर्शन करें।