राजस्थान में मिली श्रीबांकेबिहारी मंदिर की 15 हेक्टेयर जमीन
राजस्थान में मिली श्रीबांकेबिहारी मंदिर की 15 हेक्टेयर जमीन
- हाई पावर्ड कमेटी करेगी राज्यों के मुख्य सचिवों से संपर्क
वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर की संपत्तियों की खोज में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। राजस्थान के कोटा में श्रीबांकेबिहारी मंदिर की 15 हेक्टेयर बेशकीमती जमीन मिलने की पुष्टि हुई है। मंदिर की हाई पावर्ड कमेटी ने कोटा प्रशासन से संपर्क कर जमीन से संबंधित दस्तावेज कमेटी की बैठक में प्रस्तुत किए। इस उपलब्धि के बाद कमेटी ने देशभर में विभिन्न राज्यों में स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर की संपत्तियों की तलाश का निर्णय लिया है। इसके लिए राज्यों के मुख्य सचिवों से संपर्क किया जाएगा।
17 बिंदुओं पर चर्चा, संपत्तियों के प्रबंधन पर जोर
श्रीबांकेबिहारी मंदिर हाई पावर्ड कमेटी की बैठक नगर के लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन स्थित कमेटी कार्यालय में कमेटी अध्यक्ष अशोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। शाम को शुरू हुई इस बैठक में कुल 17 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में राजस्थान के कोटा में मिली मंदिर की 15 हेक्टेयर जमीन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। कमेटी अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि मंदिर की जहां-जहां भी संपत्ति स्थित है, उसे अपने कब्जे में लेकर उसका विधिवत प्रबंधन एवं संरक्षण किया जाएगा। इस उपलब्धि के बाद कमेटी देशभर में श्रीबांकेबिहारी मंदिर की संपत्तियों की पहचान और संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
राज्यों के मुख्य सचिवों से मांगी जाएगी संपत्तियों की जानकारी
कमेटी के सचिव एवं मथुरा जिलाधिकारी सीपी सिंह द्वारा देश के विभिन्न राज्यों के मुख्य सचिवों से संपर्क कर श्रीबांकेबिहारी मंदिर की पुरानी जमीन, भवन एवं अन्य संपत्तियों की जानकारी मांगी जाएगी। राज्यों से जानकारी मिलने पर उनके दस्तावेज मंगाकर मंदिर संपत्तियों का प्रबंधन एवं विकास किया जाएगा।
मंदिर और संपत्तियों का होगा सौंदर्यीकरण
कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर से जुड़ी संपत्तियों का सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई एवं व्यवस्थित विकास किया जाएगा। मंदिर की सफाई के साथ-साथ चांदी के द्वारों की भी सफाई कराई जाएगी। इसके अलावा निधिवन स्थित ललिता कुंड की सफाई भी कराई जाएगी।
नगर निगम द्वारा मंदिर मार्गों पर अब तक 200 लाइटें लगाई जा चुकी हैं, जबकि 170 अतिरिक्त लाइटें और लगाई जाएंगी। निधिवन मार्ग एवं अन्य मंदिरों के मार्गों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
एएसआई और आईआईटी की सर्वे रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत
कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि एएसआई और आईआईटी की सर्वे रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जिसे बैठक में रखा गया। एएसआई द्वारा मंदिर की सफाई कराई जाएगी। मंदिर के पत्थरों और द्वारों की सफाई का कार्य लगभग दो माह बाद किया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान समय में मंदिर की दीवारों में नमी होने के कारण सफाई संभव नहीं है, नमी समाप्त होने के बाद कार्य कराया जाएगा।
सीएसआर फंड से मंदिर को मिलेगा सवा करोड़ रुपये
श्रीबांकेबिहारी मंदिर के तीन बैंकों में जमा धनराशि से सीएसआर फंड के माध्यम से अतिरिक्त आय प्राप्त होगी। बैंकों द्वारा प्रथम चरण में सवा करोड़ रुपये सीएसआर फंड के रूप में मंदिर को दिए जाएंगे।
कमेटी अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि केनरा बैंक 25 लाख रुपये, जबकि भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक एक करोड़ रुपये सीएसआर फंड के रूप में देंगे। यह राशि 5 फरवरी तक मंदिर को उपलब्ध करा दी जाएगी। इस धनराशि का उपयोग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किया जाएगा, जिसमें पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास शामिल है।
अब सेवायत एक दिन में पांच यजमानों को करा सकेंगे वीआईपी दर्शन
कमेटी ने एक बार फिर सेवायतों के वीआईपी दर्शन की संख्या में बदलाव किया है। अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए सेवायतों को 20 यजमानों के वीआईपी दर्शन की अनुमति दी गई थी, लेकिन नववर्ष के बाद यह संख्या पुनः पांच यजमान प्रतिदिन निर्धारित कर दी गई है। सेवायत जिन पांच यजमानों को वीआईपी दर्शन कराना चाहते हैं, उनका विवरण एक दिन पहले उपलब्ध कराना होगा। जानकारी देने के बाद ही उन्हें ठाकुरजी के वीआईपी दर्शन का लाभ मिलेगा।
फरवरी से रेलिंग व्यवस्था में होंगे दर्शन
मंदिर में भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को सहज दर्शन उपलब्ध कराने के लिए स्टील रेलिंग व्यवस्था लागू की जाएगी। अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि रेलिंग का निर्माण कार्य जनवरी के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। फरवरी से श्रद्धालु मंदिर के सभी प्रवेश मार्गों से निकास द्वार तक रेलिंग व्यवस्था में दर्शन कर सकेंगे। रेलिंग को कार्यदायी संस्था द्वारा मेरठ में तैयार किया जा रहा है। इससे पूर्व रेलिंग का निरीक्षण कर उसका डिजाइन निर्धारित किया जा चुका है।



