नीब करौरी बाबा के 25+ प्रेरक विचार: भक्ति, समर्पण और आंतरिक शांति का मार्ग
नीब करौरी बाबा के 25+ प्रेरक विचार: भक्ति, समर्पण और आंतरिक शांति का मार्ग
न्यूज़ डेस्क। जीवन का सफर हमेशा सुगम नहीं होता। इसमें कई उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन ऐसे समय में उम्मीद न खोना और ईश्वर पर विश्वास बनाए रखना ही सबसे बड़ी ताकत है। प्रसिद्ध भारतीय संत नीब करौरी बाबा Neem Karoli Baba (जिन्हें श्रद्धालु प्यार से 'महाराज जी' कहते हैं) के उपदेश आज भी लाखों लोगों को कठिन परिस्थितियों का सामना करने और जीवन में आंतरिक शांति पाने की प्रेरणा दे रहे हैं।
नीब करौरी बाबा महाराज की शिक्षाएं बेहद सरल और सहज हैं, जो हर वर्ग के व्यक्ति पर लागू होती हैं। उनका स्पष्ट संदेश है-अपना सर्वश्रेष्ठ कर्म करें, ईश्वर पर अटूट विश्वास रखें, मन में चिंता न पालें और सब कुछ ईश्वर को समर्पित कर दें।
भक्ति, समर्पण, शांति पर महाराज जी के अनमोल विचार:
-
अनिश्चितता का बोध: "आप सौ साल की योजना बना सकते हैं, लेकिन आपको यह नहीं पता कि अगले ही पल क्या होने वाला है।"
-
हृदय की शुद्धि: "अपने दिल के आईने को साफ करो, तुम्हें ईश्वर के दर्शन होंगे।"
-
ईश्वर की उपस्थिति: "सब कुछ समझने की कोशिश करने से बेहतर है कि आप हर चीज में ईश्वर को देखें।"
-
ईश्वर का ध्यान: "जैसे आप बैंक में पैसा रखते हैं, वैसे ही ईश्वर को अपने दिल में रखें।"
-
मूल मंत्र: "सब से प्रेम करो, सब की सेवा करो, सब को भोजन कराओ।"
-
असीम प्रेम और क्षमा: "यदि कोई आपको चोट पहुँचाता है, तब भी उसे प्रेम दें। सबसे बड़ी सजा किसी को अपने दिल से निकाल देना है... आपको हर किसी से वैसा ही प्रेम करना चाहिए जैसा ईश्वर करते हैं। यदि आप एक-दूसरे से प्रेम नहीं कर सकते, तो अपने लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सकते।"
-
हनुमान चालीसा की महिमा: "हनुमान चालीसा की हर एक चौपाई महामंत्र है।"
-
साधना की बाधा: "अत्यधिक मोह या लगाव ही आत्म-साक्षात्कार के मार्ग की सबसे बड़ी रुकावट है।"
-
गुरु का वास्तविक रूप: "अपने गुरु से भौतिक शरीर में मिलना आवश्यक नहीं है। गुरु कोई बाहरी तत्व नहीं है।"
-
जीवन के सत्य का अहसास: "जब आप दुखी, बीमार या पीड़ित होते हैं, या किसी की अंतिम यात्रा (श्मशान) देखते हैं, तब आप जीवन के वास्तविक सत्यों को सीखते हैं।"
-
अहंकार से मुक्ति: "यह जानना बहुत कठिन है कि किसी स्थिति से क्या अच्छा निकलेगा। अपनी इच्छानुसार परिणाम पाने के लिए परिस्थितियों को बदलने का प्रयास करना अहंकार को ईश्वर की जगह देना है, जिसका परिणाम विपरीत होता है।"
-
प्रेम की शक्ति: "प्रेम सबसे शक्तिशाली औषधि है। यह बिजली से भी अधिक शक्तिशाली है।"
-
सर्वश्रेष्ठ सेवा: "सबसे अच्छी सेवा यह है कि आप अपने विचारों को हमेशा ईश्वर में लगाएं। हर मिनट ईश्वर का स्मरण रखें।"
-
इच्छाओं का अंत: "यदि आप ईश्वर को देखना चाहते हैं, तो अपनी इच्छाओं को मार डालो। इच्छाएं मन में होती हैं। जब कोई इच्छा जागे, तो उस पर अमल मत करो, वह खुद खत्म हो जाएगी।"
-
वसुधैव कुटुंबकम: "यह पूरा ब्रह्मांड हमारा घर है और इसमें रहने वाले सभी लोग हमारा परिवार हैं... ईश्वर को किसी एक रूप में ढूंढने के बजाय हर चीज़ में देखना बेहतर है।"
-
समभाव और समानता: "सभी धर्म एक हैं, जो ईश्वर तक ले जाते हैं। हम सभी की नसों में एक ही खून बहता है, हाथ, पैर, दिल सब समान हैं। कोई भेद न देखें।"
-
ईश्वरीय कार्य: "जो ईश्वर के लिए कार्य करता है, उसका कार्य अपने आप पूरा हो जाता है।"
-
अमर प्रेम: "ईश्वर के प्रेम को छोड़कर संसार की हर चीज़ क्षणभंगुर (अस्थायी) है।"
-
लगाव और चिंता: "यह संसार केवल मोह-माया है। आप चिंतित इसीलिए होते हैं क्योंकि आप इसमें लगे (अटैच्ड) हैं।"
-
मातृ भाव: "सभी नारियों को माँ के रूप में देखें और उनकी सेवा करें। जब आप पूरे संसार को माँ के रूप में देखेंगे, तो अहंकार अपने आप समाप्त हो जाएगा।"
-
प्रेम में लीन होना: "ईसा मसीह (क्राइस्ट) की तरह ध्यान लगाओ... वे प्रेम में पूरी तरह लीन हो गए थे।"
-
हर कार्य ही प्रार्थना है: "हर कर्म प्रार्थना है। हर वृक्ष कल्पवृक्ष है। हर जल गंगाजल है और हर भूमि वाराणसी है। हर चीज से प्रेम करो।"
-
ईश्वर की पूजा: "ईश्वर की पूजा करने का सबसे श्रेष्ठ रूप उनका हर रूप में आदर करना है।"
-
गोपनीयता का महत्व: "अपनी संपत्ति, अपनी पत्नी और अपनी साधना का बखान दूसरों के सामने न करें, वरना वे दूर हो जाएंगे।"
-
नायक की तरह कर्म करें: "अपना काम करें, सभी के साथ मित्रवत रहें और किसी से झगड़ा न करें। ईर्ष्यालु लोग आपका विरोध करेंगे, लेकिन उसे दिल से न लगाएं। एक महान नायक की तरह अपना कर्म करें, सब ठीक होगा।"
-
संत की पहचान: "आपको हर इंसान को स्वीकार करना चाहिए और उनमें ईश्वर को देखना चाहिए। किसी संत के लिए इसके अलावा कोई अन्य आवश्यकता नहीं है।"
-
अंतर न देखना: "यदि आप भेदभाव देखते हैं तो ईश्वर को प्राप्त नहीं कर सकते। अपने भीतर के प्रेम को पहचानना सीखें।"
जीवन का मुख्य संदेश
नीब करौरी बाबा महाराज की शिक्षाओं का सबसे प्रेरक पहलू यह है कि वे व्यक्ति को जीवन की कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी मजबूत बने रहने का साहस देती हैं। उनकी सीख का सार यही है-ईमानदारी से अपना काम करें, आसपास के लोगों से प्रेम करें, जरूरतमंदों की मदद करें, शक्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें और उन बातों की चिंता छोड़ दें जो आपके नियंत्रण में नहीं हैं।



