जीपीएस सर्वे से खींचा गया श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर का नक्शा, जानिए क्या है इसमें खास

  • Tuesday July 29 2025 - 09:51 AM
  •  

  • जीपीएस सर्वे से खींचा गया बिहारीजी गलियारे का नक्शा
  • अक्षांश व देशांतर रेखाओं से तय की जा रही गलियारा स्थलों की स्थिति
  • मंदिर क्षेत्र की परिधि, गलियों व महत्वपूर्ण स्थानों को किया जा रहा है चिह्नित

मथुरा। वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर के प्रस्तावित कॉरिडोर (गलियारा) के विरोध में गोस्वामियों के लगातार विरोध के बीच प्रशासन की तैयारियां भी जारी हैं। कॉरिडोर के के लिए मंदिर क्षेत्र में हुए सर्वे एवं भौतिक सत्यापन के बाद प्रशासन ने जीपीएस से गलियारे का खाका खींचा है। नक्शे में बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र व दायरे में आने वाले अन्य निर्माणों को अक्षांश व देशांतर (लेटीट्यूड व लोंगीट्यूड) के माध्यम से स्थिर किया गया है। इसे कॉरिडोर के थ्री डी नक्शे का रूप दिया जाएगा।

श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर का विरोध और समर्थन का दौर चल रहा है। गोस्वामी समाज और मंदिर के आसपास व्यापारी एवं वृंदवनवासी जहां गलियारा व ट्रस्ट (न्यास) के गठन के विरोध में लगातार प्रदर्शन कर रहे है। वहीं कॉरिडोर के समर्थन में भी लोग डीएम को समर्थनपत्र दे रहे हैं। विरोध व समर्थन की इस कशमकश के बीच प्रशासन कॉरिडोर के कार्य में जुटा है। जहां कॉरिडोर का निर्माण किया जाना है, प्रशासन बारीकी से उस जगह का नक्शा तैयार कर रहा है।

श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर का खाका खींचने में खासी सावधानी बरती जा रही है। इसके निर्माण के लिए जनवरी 2023 में सर्वेक्षण प्रारंभ किया गया था। गलियारा क्षेत्र में 276 भवन चिह्नित किए गए। इनमें 153 घरेलू, 66 व्यावसायिक व 57 मिश्रित श्रेणी के भवन थे। कुछ कानूनी पहलुओं के चलते कॉरिडोर परियोजना पर आगे कार्य नहीं हो सका। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने गलियारा निर्माण को मंजूरी दी तो परियोजना पर चल रहे कार्य गति पकड़ ली। 

मंदिर की परिधि, गलियों व महत्वपूर्ण स्थानों को किया जा रहा है चिह्नित

दो वर्ष पूर्व कराए गए सर्वेक्षण का एक बार फिर राजस्व विभाग, नगर, जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने भौतिक सत्यापन कराया। प्रशासनिक टीम ने कॉरिडोर के दायरे में आने वाले भवनों का डोर टू डोर सर्वे किया। भवनों का क्षेत्रफल, मालिकाना हक व विवाद की जानकारी ली। तीसरे चरण में कॉरिडोर क्षेत्र का जीपीएस से सर्वे किया गया है।

एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉक्टर पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि अक्षांश व देशांतर रेखाओं के माध्यम से कॉरिडोर के महत्वपूर्ण स्थलों की स्थिति स्थिर की गई है। मुख्य मंदिर सहित कॉरिडोर में आने वाले सभी रास्तों, मुख्य भवनों, कॉरिडोर के परिधि क्षेत्र व मुख्य भवनों की स्थिति अक्षांश व देशांतर के माध्यम से नक्शे पर दर्शाई गई है। निर्माण की लंबाई, चौड़ाई व ऊंचाई भी दी गई है। जीपीएस के माध्यम से कॉरिडोर की रूपरेखा तैयार की गई है। कॉरिडोर के जीपीएस नक्शे का निर्माण अंतिम चरण में है।